विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: दुर्गापुर में Essar Oil के गोदाम में लगी भीषण आग, फाइन पॉलिमर और लकड़ी का बुरादा जलकर खाक

Published: Fri, 23 Oct 2026 12:50 PM (GMT+05:30)

दुर्गापुर के कांकसा स्थित एसार ऑयल (Essar Oil) के गोदाम में भीषण आग लग गई, जिसमें भारी मात्रा में फाइन पॉलिमर और लकड़ी का बुरादा जलकर नष्ट हो गया।

कांकसा के गोपालपुर एस्सार आयल के गोदाम में लगी आग को बुझाते कर्मी। (जागरण)

कांकसा के गोपालपुर एस्सार आयल के गोदाम में लगी आग को बुझाते कर्मी। (जागरण)

HighLights

  1. दुर्गापुर के एसार आयल गोदाम में भीषण आग लगी।

  2. फाइन पालिमर और लकड़ी का बुरादा जलकर नष्ट हुआ।

  3. दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे, कोई हताहत नहीं।

जागरण संवाददाता, दुर्गापुर। कांकसा के गोपालपुर स्थित एसार ऑयल (Essar Oil) के एक गोदाम में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। गोदाम में भारी मात्रा में फाइन पालिमर और लकड़ी का बुरादा रखा हुआ था।

ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, गोपालपुर स्थित एसार आयल के वेयरहाउस में गुरुवार देर रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने गोदाम के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की लपटें बढ़ती देख दमकल विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद पानागढ़ और दुर्गापुर फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

Durgapur

दमकलकर्मियों ने आग पर पाया काबू

गोदाम में बड़ी मात्रा में फाइन पॉलिमर और लकड़ी का बुरादा जमा होने के कारण आग बुझाने में दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग पर काबू पाने के लिए रातभर अभियान चलाया गया। लगातार प्रयास के बाद आग को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया, लेकिन गोदाम में कुछ हिस्सों में आग पूरी तरह नहीं बुझ सकी।

आग की शेष लपटों को बुझाने और दोबारा आग फैलने से रोकने के लिए पानागढ़ फायर स्टेशन की दो दमकल गाड़ियां अब भी मौके पर तैनात हैं।

दमकलकर्मी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। इस अग्निकांड में गोदाम में रखे भारी मात्रा में फाइन पॉलिमर और लकड़ी का बुरादा जलकर नष्ट हो गया।

हालांकि, नुकसान की वास्तविक राशि का अभी तक पता नहीं चल पाया है। राहत की बात यह है कि घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

पानागढ़ फायर स्टेशन के स्टेशन ऑफिसर विश्वजीत मुर्मू ने बताया कि गोदाम में रखे फाइन पॉलिमर और भारी मात्रा में लकड़ी का बुरादा आग में जलकर नष्ट हो गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Durgapur (1)

यह भी पढ़ें- सिम कार्ड नहीं इस्तेमाल करता है मालदा का सौरभ दास, Free Wifi से चला रहा चोरी के मोबाइल का इंटरनेशनल सिंडिकेट