अलीपुरद्वार कोर्ट में भारी हंगामा: TMC के पूर्व नेता संजीव धर पर फेंके गए अंडे, लगे 'चोर-चोर' के नारे
अलीपुरद्वार कोर्ट में पूर्व टीएमसी नेता संजीव धर को पेशी के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने अंडे फेंके और 'चोर-चोर' के नारे लगाए।

अलीपुरद्वार अदालत में संजीव धर पर फेंके गए अंडे
HighLights
पूर्व टीएमसी नेता संजीव धर पर अंडे फेंके गए।
अलीपुरद्वार कोर्ट परिसर में 'चोर-चोर' के नारे लगे।
धमकी और रंगदारी के आरोप में संजीव धर गिरफ्तार।
जागरण न्यूज नेटवर्क, अलीपुरद्वार। तृणमूल कांग्रेस के पूर्व जिला नेता संजीव धर को गुरुवार को अदालत में पेश करने के दौरान अलीपुरद्वार कोर्ट परिसर में जमकर हंगामा हुआ। पुलिस जब उन्हें लेकर अदालत पहुंची, तब वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के एक वर्ग ने उनकी ओर अंडे फेंके और ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए।
घटना के बाद कुछ समय के लिए परिसर में तनाव का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने संजीव धर को बुधवार देर रात गिरफ्तार किया था। उनके खिलाफ धमकी देने और अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर रुपये वसूलने सहित कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
इन शिकायतों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। गुरुवार को पुलिस सुरक्षा के बीच उन्हें अदालत में पेश करने के लिए लाया गया। उनके पहुंचने की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस के साथ उनके परिसर में दाखिल होते ही कुछ लोगों ने अंडे फेंकने शुरू कर दिए।
पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभाली और उनकी मौजूदगी में संजीव धर को अदालत में पेश किया। उनकी गिरफ्तारी के बाद से जिले में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी हुई है।