विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोलकाता में 75 करोड़ से अधिक की जमीन हथियाने के खेल में ED का एक्शन, तीन कारोबारियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

Published: Fri, 20 Nov 2026 02:40 PM (GMT+05:30)

ईडी ने दक्षिण कोलकाता में फर्जी दस्तावेजों से करोड़ों की जमीन हड़पने के मामले का पर्दाफाश किया है। 

ईडी के ऑफिस के बाहर लगे बोर्ड की तस्वीर (पीटीआई)

ईडी के ऑफिस के बाहर लगे बोर्ड की तस्वीर (पीटीआई)

HighLights

  1. ईडी ने दक्षिण कोलकाता जमीन हड़प घोटाले का पर्दाफाश किया।

  2. तीन कारोबारियों के खिलाफ 75 करोड़ से अधिक की जमीन हड़पने का आरोप।

  3. फर्जी दस्तावेजों और पावर ऑफ अटॉर्नी का उपयोग कर जमीन कब्जाई गई।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। दक्षिण कोलकाता के गड़िया और आसपास के इलाकों में फर्जी दस्तावेजों के जरिए करोड़ों रुपये की जमीन हड़पने के कथित संगठित खेल का ईडी ने पर्दाफाश किया है।

इस मामले में तीन कारोबारियों अमित गांगुली, रामप्रसाद मुखोपाध्याय और देवाशीष चौधरी के खिलाफ ईडी ने कोलकाता स्थित विशेष अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया है। जांच एजेंसी का आरोप है कि जमीन के असली मालिकों को उनके अधिकार से वंचित कर संपत्तियों का अवैध हस्तांतरण कराया गया।

राज्य पुलिस की ओर से दर्ज 13 प्राथमिकी के आधार पर ईडी ने धनशोधन के पहलू से जांच शुरू की थी।ये मामले सोनारपुर, नरेंद्रपुर और विधाननगर के इलेक्ट्रानिक कॉम्प्लेक्स थाने में दर्ज किए गए थे। इनमें धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश, जालसाजी और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल के आरोप शामिल थे।

फर्जी दस्तावेजों से जमीन कब्जाने का तरीका

ईडी की चार्जशीट के मुताबिक, आरोपित पहले जमीन मालिकों के साथ डेवलपमेंट एग्रीमेंट और पावर आफ अटार्नी के जरिए संपर्क बनाते थे। इसके बाद जमीन के स्वामित्व से जुड़े दस्तावेजों में कथित तौर पर हेरफेर किया जाता था।

फर्जी पावर आफ अटार्नी, कंपनी के फर्जी बोर्ड प्रस्ताव और उत्तराधिकार संबंधी दस्तावेज तैयार कर जमीन पर अधिकार जताया जाता था। फिर इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर रजिस्ट्री, जमीन के रिकार्ड में म्यूटेशन और दीवानी मुकदमे किए जाते थे। कुछ जमीन मालिकों को धमकाने और अपनी ही संपत्ति में प्रवेश से रोकने के भी आरोप हैं।

दो आवासीय परियोजनाओं में 75.74 करोड़ की गड़बड़ी

ईडी की जांच में दो आवासीय परियोजनाएं विशेष रूप से सामने आई हैं। पहली परियोजना में 4.12 करोड़ और दूसरी में 71.62 करोड़ रुपये की संपत्ति कथित तौर पर हड़पने का आरोप है। इस तरह दोनों परियोजनाओं से जुड़ी संपत्ति का कुल मूल्य 75.74 करोड़ रुपये बैठता है।

ऑफिस की हुई थी तलाशी

इसके अलावा एक कंपनी की 6.41 एकड़ जमीन के अधिकार दूसरी कंपनी को हस्तांतरित कराने के लिए फर्जी बोर्ड प्रस्ताव इस्तेमाल करने का आरोप है। इस पूरे लेनदेन में तीनों कारोबारियों की भूमिका होने का दावा ईडी ने किया है।

ईडी ने गत मार्च में अमित गांगुली और अन्य आरोपित कारोबारियों के आवासों एवं कार्यालयों पर तलाशी ली थी। इसके बाद 15 सितंबर को अमित गांगुली को गिरफ्तार किया गया था। मामले में अन्य लोगों की भूमिका और कथित जमीन कब्जाने के नेटवर्क की जांच जारी है।

'नाम की वजह से नहीं मिली जगह', न्यूजीलैंड टेस्ट से सिराज को बाहर रखने पर इमरान मसूद का बेतुका बयान; BJP ने दिया जवाब

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।