विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED का बड़ा एक्शन, कोलकाता के पूर्व डीसीपी की 2.78 करोड़ की संपत्ति जब्त

Published: Thu, 12 Nov 2026 09:15 PM (IST)

ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कोलकाता के पूर्व डीसीपी शांतनु सिन्हा विश्वास और उनके सहयोगियों की 2.78 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति अस्थायी रूप से जब्त की है।

कोलकाता के पूर्व डीसीपी की 2.78 करोड़ की संपत्ति जब्त

कोलकाता के पूर्व डीसीपी की 2.78 करोड़ की संपत्ति जब्त

HighLights

  1. ईडी ने पूर्व डीसीपी शांतनु सिन्हा विश्वास की संपत्ति जब्त की।

  2. 2.78 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति अस्थायी रूप से कुर्क की गई।

  3. मनी लॉन्ड्रिंग मामला सोना पप्पू से जुड़ा है, जांच जारी।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। अपराधी सोना पप्पू उर्फ विश्वजीत पोद्दार से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में ईडी ने कोलकाता पुलिस के पूर्व उपायुक्त (डीसीपी) शांतनु सिन्हा विश्वास और उनके करीबियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ईडी के कोलकाता जोनल कार्यालय ने गुरुवार को पूर्व डीसीपी, उनके स्जवनों और सहयोगियों की 2.78 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया।

इसमें कोलकाता के तीन फ्लैट और मुर्शिदाबाद जिले के कांदी में जमीन के कुछ हिस्से शामिल हैं। केंद्रीय एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत इन संपत्तियों को कथित अपराध से अर्जित आय बताया है।

ईडी ने बंगाल पुलिस की ओर से सोना पप्पू और उसके सहयोगियों के खिलाफ दर्ज कई प्राथमिकी के आधार पर मनी लांड्रिंग की जांच शुरू की थी। इन मामलों में हत्या, रंगदारी वसूली और जमीन पर अवैध कब्जे जैसे आरोप शामिल हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, पोद्दार और उसके सहयोगियों ने कथित तौर पर रंगदारी, रियल एस्टेट संपत्तियों पर अवैध कब्जे और अनधिकृत निर्माण के जरिए अपराध से आय अर्जित की।

जांच में पूर्व डीसीपी विश्वास और कारोबारी जय एस कमदार के बीच करीबी संबंधों की बात सामने आई है। ईडी के अनुसार, विश्वास जब कालीघाट थाने के प्रभारी थे, तभी कमदार के साथ उनकी नजदीकी बढ़ी थी। बाद में डीसीपी बनने के बाद भी यह संबंध बना रहा। एजेंसी का आरोप है कि विश्वास ने अपने पुलिस पद और प्रभाव का इस्तेमाल कर कमदार की अवैध गतिविधियों को संरक्षण और मदद पहुंचाई।

इसके कारण पुलिस महकमे में भी कमदार का प्रभाव बढ़ गया था। ईडी की जांच में विश्वास की ओर से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से कम से कम 2.89 करोड़ रुपये की कथित अपराध से अर्जित आय हासिल करने, छिपाने और अपने कब्जे में रखने की बात सामने आई है। इससे पहले एजेंसी ने इस मामले में विश्वास, कमदार और सोना पप्पू से जुड़े ठिकानों पर कोलकाता और आसपास के इलाकों में छापेमारी की थी।

तलाशी के दौरान नकदी, सोने के आभूषण, एक टोयोटा फॉर्च्यूनर कार, बिना लाइसेंस का रिवाल्वर और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज व डिजिटल उपकरण जब्त किए गए थे। ईडी ने इस मामले में तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया था।

फिलहाल वे न्यायिक हिरासत में हैं। ताजा कार्रवाई को जांच एजेंसी की ओर से कथित अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।