विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: निवेश में भारी मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों की ठगी, कोलकाता में ED ने 8 ठिकानों पर मारा छापा

Published: Mon, 12 Oct 2026 01:01 PM (IST)

ईडी ने कोलकाता में एक निजी निवेश कंपनी से जुड़े वित्तीय धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आठ ठिकानों पर ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। वित्तीय धोखाधड़ी और मनी लांड्रिंग की जांच के सिलसिले में ईडी ने सोमवार सुबह कोलकाता में आठ ठिकानों पर एक साथ छापामारी की। टालीगंज, शरत बोस रोड और कूदघाट समेत शहर के विभिन्न इलाकों में केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारियों ने तलाशी अभियान चलाया।

मामला एक निजी निवेश कंपनी से जुड़ा है, जिस पर अधिक मुनाफे का लालच देकर आम लोगों से करोड़ों रुपये जुटाने और बाद में वादे के मुताबिक रकम नहीं लौटाने का आरोप है।

रियल एस्टेट समेत अन्य कारोबार में रकम लगाने का आरोप

जांच एजेंसी के अनुसार, संबंधित कंपनी लोगों को मोटा मुनाफा और रकम लौटाने का भरोसा देकर निवेश कराती थी। आरोप है कि बाद में निवेशकों को उनकी रकम नहीं लौटाई गई। जुटाई गई राशि का इस्तेमाल रियल एस्टेट विकास और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों में किए जाने की बात सामने आई है।

ईडी बैंक खातों, वित्तीय रिकार्ड और लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है, ताकि रकम के प्रवाह का पता लगाने के साथ कथित अनियमितताओं में शामिल लोगों और कारोबारी संस्थाओं की भूमिका स्पष्ट की जा सके।

पिछले महीने 17 ठिकानों पर हुई थी छापामारी

इस मामले में ईडी ने पिछले महीने कोलकाता और देश के अन्य हिस्सों में 17 ठिकानों पर तलाशी ली थी। उस दौरान कंपनी के विभिन्न कार्यालयों और उसके कई अधिकारियों के आवासों की भी जांच की गई थी। पिछली कार्रवाई से मिले सुरागों के आधार पर सोमवार को दोबारा अभियान चलाया गया।

केंद्रीय बलों की मौजूदगी में अधिकारियों की आठ अलग-अलग टीमों ने शहर के आठ ठिकानों पर तलाशी ली। जांच एजेंसी कथित वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े धन के लेनदेन और उससे लाभ उठाने वालों की पहचान करने में जुटी है।

 

यह भी पढ़ें- कोलकाता की कंपनी पर ED की बड़ी कार्रवाई, 3,590 करोड़ के लोन फ्रॉड में 139 बैंक खाते फ्रीज; लग्जरी गाड़िया जब्त

यह भी पढ़ें- भाजपा के सत्ता में आने के बाद कोलकाता की मुस्लिम कॉलोनी में जलापूर्ति रोकने का आरोप, संयुक्त राष्ट्र से हस्तक्षेप की मांग