कोयला खनन ठप होने से भूमिगत आग का खतरा; ईसीएल सीएमडी ने सिदुली पहुंच लिया धंसान प्रभावित इलाकों का जायजा
सिदुली में भूमि धंसान के कारण ईसीएल के सीएल जामबाद ओसीपी में कोयला खनन रुका हुआ है, जिससे भूमिगत आग का खतरा बढ़ गया है।

ईसीएल सीएमडी ने नियंत्रित विस्फोट परीक्षण कर कंपन का जायजा लिया और ग्रामीणों को पुनर्वासन योजना स्वीकार करने की सलाह दी।
HighLights
सिदुली में भूमि धंसान से कोयला खनन कार्य ठप।
ईसीएल सीएमडी ने नियंत्रित विस्फोट से कंपन की जांच की।
ग्रामीणों ने पुनर्वासन पैकेज बढ़ाने की मांग की।
जागरण संवाददाता, अंडाल। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के केंदा क्षेत्र अंतर्गत सिदुली इलाका इन दिनों भूमि धंसान की चपेट में है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यह धंसान सीएल जामबाद ओसीपी (OCP) में कोयला खनन के लिए किए जा रहे विस्फोटों के कारण हो रहा है।
इसी विरोध के चलते पिछले दस दिनों से ओसीपी में कोयला खनन का कार्य बंद करवा दिया गया है, वहीं ग्रामीणों द्वारा पुनर्वासन की मांग भी तेज कर दी गई है।
इसी स्थिति से निपटने और ग्रामीणों की आशंका दूर करने के लिए मंगलवार को ईसीएल के सीएमडी सतीश कुमार झा के नेतृत्व में ओसीपी में नियंत्रित विस्फोट करवाकर तकनीकी जांच की गई।
जांच के दौरान विस्फोट से उत्पन्न कंपन का कोई प्रतिकूल असर सामने नहीं आया। प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि सिदुली इलाका वर्षों से धंसान प्रभावित है और रानीगंज मास्टर प्लान में भी शामिल है, ऐसे में ग्रामीणों को ईसीएल की पुनर्वासन योजना स्वीकार कर सुरक्षित स्थान पर चले जाना चाहिए।
दो माह से जारी धंसान और खनन ठप होने से बढ़ा खतरा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले दो महीनों से सिदुली कोलियरी क्षेत्र में धंसान की घटनाएं सामने आ रही हैं। सबसे पहले सिदुली कोलियरी में पानी भरने की घटना हुई, जिसमें दो श्रमिक फंस गए थे।
इसके बाद क्षेत्र के कई घरों में दरारें आने लगीं और 14 नवंबर को एक मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सीएल जामबाद ओसीपी का काम बंद करवा दिया और धंसान स्थल पर मिट्टी भराई का कार्य भी रोक दिया।
अधिकारियों के मुताबिक, धंसान स्थल पर मिट्टी भराई नहीं होने से भूमिगत कोयले के भंडार में आग लगने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है, जिससे भविष्य में बड़ा नुकसान हो सकता है।
इसी समस्या के समाधान के लिए शनिवार को विधायक पार्थ घोष की पहल पर दुर्गापुर एसडीएम कार्यालय में उच्चस्तरीय बैठक हुई थी।
इसमें सीएमडी, तकनीकी निदेशक, केंदा क्षेत्र के अधिकारियों के साथ विधायक, डीएम पोन्नबलम एस और एसडीएम अंकिता अग्रवाल मौजूद थे। बैठक में सीएमडी ने मंगलवार को स्वयं धंसान स्थल का निरीक्षण करने का आश्वासन दिया था।
छह स्थानों पर वाइब्रोमीटर से मापा गया विस्फोट का कंपन
मंगलवार सुबह सीएमडी सतीश कुमार झा और तकनीकी निदेशक गिरीश गोपीनाथ नायर केंदा क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे। इसके बाद सीएल जामबाद में विस्फोट परीक्षण की विस्तृत व्यवस्था की गई।
खनन एवं सुरक्षा से जुड़ी टीम ने सिदुली क्षेत्र के छह चिह्नित स्थानों पर वाइब्रोमीटर लगाकर कंपन की निगरानी की। दोपहर में विस्फोट स्थल से अलग-अलग दूरी पर उपकरण स्थापित किए गए।
ताकि यह आकलन हो सके कि विस्फोट से किस दूरी पर कितनी तीव्रता का कंपन उत्पन्न होता है। सीएल जामबाद के व्यू प्वाइंट, चतराबाद, कुचीपाड़ा, सिदुली गांव स्थित दिलीप घोष के आवास, सिदुली बालू बैंकर और सिदुली डिस्पेंसरी के पास टीम वाइब्रोमीटर के साथ तैनात रही।
परीक्षण विस्फोट के दौरान व्यू प्वाइंट के समीप 0.6 मिमी प्रति सेकंड कंपन दर्ज किया गया। विशेषज्ञों के अनुसार, कच्चे मकान को नुकसान पहुंचने के लिए 5 मिमी और पक्के मकान के लिए 10 मिमी से अधिक कंपन की स्थिति बनती है।
ऐसे में जांच में यह स्पष्ट हुआ कि विस्फोट के कंपन का आसपास के इलाकों पर कोई असर नहीं पड़ रहा है।
विस्फोट की मात्रा और पारदर्शिता को लेकर चर्चा
परीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने यह तर्क रखा कि 14 नवंबर को हुए विस्फोट में अधिक मात्रा में विस्फोटक सामग्री का उपयोग किया गया था, जबकि जांच के दौरान कम विस्फोटक लगाया गया, जिससे कंपन का असर कम दिखा।
इस पर अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 14 नवंबर के बाद से कार्य बंद होने के कारण खदान में जगह की सीमाएं हैं; वहां से कोयला हटने के बाद ही उसी अनुरूप विस्फोट किया जा सकता है।
हालांकि, सीएमडी सतीश कुमार झा ने भरोसा दिलाया कि आगे से विस्फोट प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कम मात्रा में विस्फोट किया जाए और इसकी पूर्व सूचना स्थानीय प्रतिनिधियों को दी जाए, ताकि लोगों की आशंकाएं दूर हो सकें।
पुनर्वासन पैकेज बढ़ाने की मांग
इस दौरान भाजपा के मंडल अध्यक्ष इंद्रसेन राय ने कहा कि सीएमडी की उपस्थिति में विस्फोट जांच की गई, लेकिन विस्फोट की मात्रा कम रही।
उन्होंने खदान में जलभराव और धंसान की घटनाओं पर चिंता जताते हुए मांग की कि पुनर्वासन योजना के पैकेज में वृद्धि की जाए, ताकि अवैध रूप से रह रहे परिवारों को भी समुचित सुविधा मिल सके।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि कोयला उत्पादन के साथ-साथ पुनर्वासन की प्रक्रिया भी समानांतर रूप से चलनी चाहिए।
सीएमडी सतीश कुमार झा ने कहा कि यदि ग्रामीण इलाका छोड़ने के बाद भविष्य में पुनर्वासन पैकेज में किसी प्रकार का संशोधन या वृद्धि होती है, तो उसका लाभ भी उन्हें मिलेगा।