दुर्गा पूजा में कोलकाता आने-जाने को मिलेगा डबल डेकर विमान
एयर इंडिया त्योहारी सीजन में सीटों की मांग को देखते को हुए छह दिनों तक डबल-डेकर विमान उड़ाने की तैयारी में है।
कोलकाता, जेएनएन। एयर इंडिया त्योहारी सीजन में सीटों की मांग को देखते को हुए छह दिनों तक डबल-डेकर विमान उड़ाने की तैयारी में है। एयर इंडिया का 423 सीटर बोइंग-747 विमान 16-21 अक्टूबर तक दिल्ली से मुंबई और कोलकाता के बीच उड़ान भरेगा। एयर इंडिया के मुताबिक, विमान में 12 प्रथम, 26 बिजनेस और 385 इकोनॉमी श्रेणी की सीटें होंगी।
विमान 16-21 अक्टूबर तक दिल्ली से कोलकाता और मुंबई के लिए रोजाना एक उड़ान भरेगा। चार इंजनों वाला यह जम्बो विमान ज्यादातर विदेशी यात्रओं या वीवीआइपी लोगों के लिए उड़ानों में इस्तेमाल होता है। एयर इंडिया के एक अफसर ने बताया, फ्लाइट दिल्ली से सुबह सात बजे उड़ान भरेगी और नौ बजकर दस मिनट पर मुंबई पहुंचेगी। वहीं, लौटते समय फ्लाइट मुंबई से 10 बजकर 40 मिनट पर उड़ान भरेगी और दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर दिल्ली पहुंचेगी।
कोलकाता जाने वाली फ्लाइट शाम 4 बजकर 55 मिनट पर दिल्ली से उड़ान भरेगी और शाम 7 बजकर 10 मिनट पर पहुंचेगी। वहीं, लौटते वक्त यह फ्लाइट कोलकाता से 8 बजकर 50 मिनट पर उड़ान भरेगी और रात 10 बजकर 55 मिनट पर दिल्ली पहुंचेगी। एयर इंडिया के मुताबिक, दिवाली में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दिल्ली से मुंबई के बीच 1-11 नवंबर तक डबल डेकर फ्लाइट दिन में दो बार उड़ान भरेगी।