बंगाल में व्यापारियों को दीवाली का बोनस, CM शुभेंदु बोले- 9 नवंबर से पहले आएगी नई औद्योगिक नीति
पश्चिम बंगाल सरकार दीपावली से पहले नई औद्योगिक नीति लाएगी, जिसकी घोषणा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने हल्दिया में एक नए पेट्रोकेमिकल संयंत्र के उद्घाटन के दौरान की।
-1791992601656_m.webp)
शुभेंदु अधिकारी के बड़े एलान (फोटो-पीटीआई)
HighLights
दीपावली से पहले आएगी बंगाल की नई औद्योगिक नीति।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने हल्दिया में की घोषणा।
नीति में भूमि आवंटन, बिजली दरें होंगी शामिल।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार दीपावली से पहले नई औद्योगिक नीति लाएगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को अपने गृह जिले पूर्व मेदिनीपुर के हल्दिया में हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड के 6,000 करोड़ रुपये की लागत से बने फिनोल और एसीटोन संयंत्र के उद्घाटन के दौरान यह घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक नीति में भूमि आवंटन से लेकर बिजली की दरों तक के प्रविधान शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्रियों के समूह ने औद्योगिक नीति का मसौदा सरकार को सौंप दिया है और उस पर काम चल रहा है। हम दिवाली से पहले नई औद्योगिक नीति लाएंगे।
हल्दिया में संयंत्र के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए शुभेंदु ने कहा कि यह हमारे लिए ऐतिहासिक दिन है। इस संयंत्र से देश में रसायनों के घरेलू उत्पादन की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स के नए संयंत्रों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि 6,000 करोड़ रुपये के निवेश के अतिरिक्त 10,000 करोड़ रुपये का निवेश भी पाइपलाइन में है। उन्होंने दावा किया कि इन संयंत्रों के शुरू होने से संबंधित उत्पादों के आयात पर निर्भरता कम होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ऐसी औद्योगिक व्यवस्था तैयार करना चाहती है, जिसमें उद्योगपतियों को निवेश के लिए अनुकूल माहौल मिले। उनका दावा है कि अगले एक वर्ष में बंगाल देश के उद्योगपतियों के लिए प्रमुख औद्योगिक गंतव्य बनकर उभरेगा।
सीएम ने कहा कि आने वाले दिनों में राज्य में औद्योगिक निवेश का प्रवाह बढ़ेगा और केंद्र तथा राज्य में एक ही दल की सरकार होने का लाभ औद्योगिक विकास को मिलेगा।
वाममोर्चा और तृणमूल सरकार की नीतियों पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने राज्य में औद्योगिक विकास की धीमी गति के लिए पूर्ववर्ती वाममोर्चा और तृणमूल कांग्रेस सरकारों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि वाममोर्चा के 34 वर्षों के शासन में ट्रेड यूनियनों का वर्चस्व, बार-बार हड़ताल, तालाबंदी और प्रबंधन के साथ मारपीट जैसी घटनाओं के कारण 50,000 से अधिक औद्योगिक इकाइयां बंद हो गईं।
सीएम ने पिछली तृणमूल सरकार के 15 वर्षों के शासन पर भी निशाना साधा। उनके अनुसार, भूमि नीति, प्रोत्साहन योजनाओं को वापस लेने और सिंडिकेट राज के कारण राज्य में नए उद्योगों के आने में बाधाएं पैदा हुईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार उद्योग और आम लोगों, दोनों के हितों को ध्यान में रखकर काम करेगी।
हल्दिया में पेप्सी और मेडिकल उपकरण संयंत्र लगाने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने हल्दिया में औद्योगिक विस्तार के लिए दो नई परियोजनाओं की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि पेप्सी 98 एकड़ जमीन पर नया संयंत्र स्थापित करेगी। यह जमीन हल्दिया विकास प्राधिकरण से प्राप्त की गई है। इसके अलावा, एक अन्य कंपनी 50 एकड़ में मेडिकल उपकरण बनाने की फैक्ट्री स्थापित करेगी।
शुभेंदु ने कहा कि आरपी गोयनका समूह के प्रमुख संजीव गोयनका ने बैरकपुर और हल्दिया में संयंत्र स्थापित करने की इच्छा जताई है। वहीं, रिलायंस समूह 28 अक्टूबर को नदिया जिले के हरिणघाटा में कैंपा कोला परियोजना शुरू कर रहा है।
सीएम ने बताया कि हल्दिया में 2027 में ट्रामा सेंटर का उद्घाटन करने की भी योजना है। इस परियोजना में हल्दिया विकास प्राधिकरण, इंडियन आयल कारपोरेशन और भारत सरकार सहयोग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर बंगाल कैबिनेट ने पारित किया धन्यवाद प्रस्ताव
