उम्मीदवारी तय करने को लेकर भाजपा में असंतोष
-प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राजकमल पाठक ने दिया इस्तीफा -कूचबिहार में नाराज कार्यकर्ताओं ने किय
-प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राजकमल पाठक ने दिया इस्तीफा
-कूचबिहार में नाराज कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, कोलकाता : काफी विचार-विमर्श व केंद्रीय कमेटी के मुताबिक पश्चिम बंगाल की लोकसभा सीटों के लिए भाजपा उम्मीदवारों के नाम तय होने के बाद भी पार्टी में असंतोष देखा जा रहा है। टिकट नहीं मिलने से नाराजी इतनी है कि प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष राजकमल पाठक ने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष को अपना इस्तीफा भेज दिया है। पाठक ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। उन्होंने इस बार हुगली या श्रीरामपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन पार्टी द्वारा जारी की गई उम्मीदवारों की प्रथम सूची में उनका नाम नहीं है। हुगली से प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष लॉकेट चटर्जी तथा श्रीरामपुर ने प्रदेश भाजयुमो अध्यक्ष देवजीत सरकार को टिकट दिया गया है। पाठक ने कहा कि उम्मीदवार चयन करने में योग्य लोगों की उपेक्षा की गई है। वे वर्ष 1991 से भाजपा कर रहे हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में भी उन्हें टिकट नहीं दिया गया था। पाठक ने कहा कि उन्होंने पद से इस्तीफा दिया है जबकि भाजपा में बने रहेंगे। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल की 28 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की। इसमें कूचबिहार सीट के उम्मीदवार को लेकर भी पार्टी में असंतोष देखा जा रहा है। यहा से तृणमूल के निष्कासित नेता निशीथ प्रमाणिक को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है। इसकी घोषणा के बाद भाजपा की जिला कमेटी ने आपत्ति दर्ज कराई है। रात 12 बजे तक जिला नेतृत्व ने बैठक की थी जिसमें केंद्रीय कमेटी के सदस्य भी शामिल थे। बताया गया कि यहा से जिला नेतृत्व अलग से दीपन बर्मन को उम्मीदवार उतार सकता है। पार्टी द्वारा तय की गई उम्मीदवारी से नाराज भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय के सामने विरोध-प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि तृणमूल से निष्कासित नेता को पार्टी ने लोकसभा चुनाव का उम्मीदवार बनाया है। इससे न सिर्फ भाजपा के कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटेगा बल्कि पार्टी की हार तय है। दीपन का कहना है कि यदि जिला नेतृत्व का आदेश हुआ तो वह चुनाव लड़ेंगे।