'मैं वापस आऊंगा', पांच महीने में ही NCPI से मोहभंग; प्रसून ने ममता की पार्टी में लौटने के दिए संकेत
हावड़ा के सांसद प्रसून बनर्जी, जो पांच महीने पहले तृणमूल कांग्रेस छोड़कर एनसीपीआई में शामिल हुए थे, अब ममता बनर्जी ...और पढ़ें

प्रसून बनर्जी का एनसीपीआई से मोहभंग? (फाइल फोटो।)
HighLights
प्रसून बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस में लौटने की इच्छा व्यक्त की।
एनसीपीआई में शामिल होने के पांच महीने बाद यह संकेत।
पार्टी के भीतर वापसी को लेकर विरोध का सामना।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की बदली राजनीतिक परिस्थितियों में तृणमूल कांग्रेस से बगावत कर एनसीपीआई में शामिल हुए हावड़ा के सांसद प्रसून बनर्जी के रुख में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। पार्टी छोड़ने के महज पांच महीने बाद ही उन्होंने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली ममता तृणमूल में वापसी की इच्छा जताई है।
शुक्रवार को कोलकाता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रियरंजन दासमुंशी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने इसके संकेत दिए। ममता तृणमूल के नेता कुणाल घोष के बगल में बैठे प्रसून ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, खेल के मैदान में कई बार दल बदले हैं। अभी एक राजनीतिक दल में हूं, लेकिन मैं फिर वापस आऊंगा।
कब होगी वापसी?
उनके इस बयान को महज व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं, बल्कि बंगाल में तृणमूल के भीतर जारी राजनीतिक पुनर्गठन के बीच एक महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वापसी कब और किस प्रक्रिया के तहत होगी।
20 सांसदों के साथ एनसीपीआई में गए थे प्रसून
2026 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल की हार के बाद पार्टी में बड़ी टूट हुई थी। एक ओर ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में विधायकों का अलग गुट सामने आया, वहीं 20 सांसदों ने तृणमूल छोड़कर नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) का दामन थाम लिया। प्रसून बनर्जी भी इस समूह में शामिल थे।
इस घटनाक्रम के बाद ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट ने बागी सांसदों की सदस्यता समाप्त करने की मांग उठाई। अभिषेक बनर्जी ने भी इस संबंध में कार्रवाई की मांग की थी। सांसदों के खिलाफ दल-बदल कानून के तहत कार्रवाई का मामला अभी लंबित है।
ममता खेमे में वापसी की राह आसान नहीं
प्रसून के बयान के बीच राजनीतिक रूप से एक और घटनाक्रम महत्वपूर्ण है। हालांकि प्रसून की वापसी का रास्ता आसान नहीं दिखता। ममता खेमे के वरिष्ठ सांसद कल्याण बनर्जी पहले ही बागी नेताओं की वापसी का विरोध कर चुके हैं।
उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा था कि यदि ऐसे नेताओं को वापस लिया गया तो वह पार्टी छोड़ देंगे। ऐसे में प्रसून के बयान के बाद ममता खेमे में उनकी वापसी को लेकर राजनीतिक और संगठनात्मक स्तर पर क्या रुख अपनाया जाता है, यह महत्वपूर्ण होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।