Bengal Assembly Elections: दिलीप घोष का विजयादशमी पर तृणमूल को बंगाल की सत्ता से उखाड़ फेंकने का आह्वान
विजयादशमी पर शस्त्र पूजा करते हुए दिलीप घोष ने कहा- भाजपा सोनार बांग्ला गढ़ने के लिए राज्य के लोगों के प्रति कटिबद्ध है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने विजयादशमी पर तृणमूल कांग्रेस को बंगाल की सत्ता से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया है।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने विजयादशमी पर तृणमूल कांग्रेस को बंगाल की सत्ता से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया है। विजयादशमी पर शस्त्र पूजा करते हुए दिलीप घोष ने कहा- भाजपा सोनार बांग्ला गढ़ने के लिए राज्य के लोगों के प्रति कटिबद्ध है। बंगाल में लोकतंत्र खतरे में है। तृणमूल कांग्रेस के अत्याचार और भ्रष्टाचार से लोग त्रस्त हैं। बंगाल में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। भाजपा तृणमूल को सत्ता से उखाड़ कर बंगाल के लोगों को उससे निजात दिलाएगी।'
शस्त्र पूजा को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा-'शस्त्र शक्ति का प्रतीक है। देश और धर्म की रक्षा के लिए शस्त्र जरूरी है। 2019 के लोकसभा चुनाव में बंगाल में भाजपा को 40 फीसद वोट मिले थे। 2018 के पंचायत चुनाव में तृणमूल ने काफी अत्याचार किया था। आतंक फैलाकर वोटो की कालाबाजारी की थी, उसके बावजूद भाजपा 6,000 से अधिक सीटों पर जीती थी। राज्यवासियों के समर्थन से भाजपा अगले विधानसभा चुनाव में जीतकर बंगाल में सरकार का गठन करेगी।
गौरतलब है कि भाजपा बंगाल में अभी से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। दुर्गापूजा खत्म होने के बाद भाजपा की गतिविधियां अब और तेज होंगी। दिलीप घोष खुद सामने से मोर्चा संभाल रहे हैं और पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को लगातार उत्साहित करने का प्रयास कर रहे हैं।