विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अपना जागरण, अपना बंगाल

Published: Sat, 21 Nov 2026 11:04 PM (GMT+05:30)

दैनिक जागरण ने कोलकाता से अपना प्रकाशन शुरू किया है, जो बंगाल के लोगों की आवाज बनने और उनके सपनों के साथ चलने का संकल्प है। 

दैनिक जागरण ने कोलकाता में अपना नया संस्करण लॉन्च किया। (फोटो- जागरण)

दैनिक जागरण ने कोलकाता में अपना नया संस्करण लॉन्च किया। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. दैनिक जागरण ने कोलकाता में अपना नया संस्करण लॉन्च किया।

  2. अखबार बंगाल के लोगों की आवाज बनेगा, उनके सपनों संग।

  3. निष्पक्षता, निर्भीकता और जवाबदेही से जनसरोकारों को उठाएगा।

बंगाल की धरती पर एक नए दौर का शुभारंभ हो रहा है। हुगली की अविरल धारा, गंगा के किनारे बसी इस ऐतिहासिक नगरी की जीवंतता और यहां के लोगों के सपनों के साथ आज दैनिक जागरण एक नए रिश्ते की शुरुआत कर रहा है।

कोलकाता से दैनिक जागरण का प्रकाशन केवल एक नए संस्करण का शुभारंभ नहीं, बल्कि बंगाल के अपनेपन को महसूस करने, यहां की आवाज बनने और यहां के भविष्य के साथ कदम मिलाकर चलने का संकल्प है।

बंगाल केवल एक राज्य नहीं, विचारों, संवेदनाओं, संघर्षों और सृजन की एक अनूठी परंपरा है। यह रवींद्रनाथ टैगोर की गीतांजलि है, बंकिमचंद्र का वंदे मातरम् है, स्वामी विवेकानंद का आत्मविश्वास है और नेताजी सुभाषचंद्र बोस का अदम्य साहस है।

यह रामकृष्ण परमहंस की आध्यात्मिक चेतना, ईश्वरचंद्र विद्यासागर की सामाजिक दृष्टि और श्यामा प्रसाद मुखर्जी की राष्ट्रनिष्ठा की भूमि है। यहां की दुर्गापूजा में उत्सव है तो काली साधना में शक्ति, यहां की चाय की अड्डेबाजी में विमर्श है तो साहित्य और कला में पूरी दुनिया को प्रभावित करने की क्षमता।

ऐसी गौरवशाली धरती से जुड़ना हमारे लिए सौभाग्य भी है और बड़ी जिम्मेदारी भी। दैनिक जागरण 85 वर्षों की पत्रकारिता की विरासत और करोड़ों पाठकों के विश्वास के साथ आपके बीच आया है।हमारा उद्देश्य केवल खबरें पहुंचाना नहीं, बल्कि उन खबरों के पीछे छिपे सरोकारों, सवालों और संभावनाओं को भी सामने लाना है, जो आम आदमी के जीवन को प्रभावित करते हैं।

हम बंगाल की राजनीति को समझेंगे,लेकिन राजनीति तक सीमित नहीं रहेंगे। हम सत्ता से सवाल करेंगे, लेकिन समाज की आवाज को भी उतनी ही जगह देंगे। गांवों की चौपाल से कोलकाता की सड़कों तक, सुंदरबन के दूरस्थ इलाकों से उत्तर बंगाल की पहाड़ियों तक, किसान, श्रमिक, युवा, महिलाएं, उद्यमी और वंचित वर्ग हर किसी की बात हमारे पन्नों पर जगह पाएगी।

शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, उद्योग, संस्कृति, सुरक्षा और विकास हमारे लिए केवल खबरों के विषय नहीं, बल्कि जनजीवन से जुड़े सरोकार होंगे।

हम जानते हैं कि किसी अखबार की असली ताकत उसके पन्नों की संख्या या प्रसार नहीं, बल्कि पाठकों का भरोसा होता है। यह भरोसा निष्पक्षता, निर्भीकता, संवेदनशीलता और जवाबदेही से अर्जित होता है।

हम न किसी पूर्वाग्रह के साथ आए हैं, न किसी के प्रति दुर्भावना लेकर। हमारी प्रतिबद्धता सत्य के प्रति, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति और सबसे बढ़कर बंगाल के लोगों के प्रति है।

हम चाहते हैं कि यह अखबार आपका अपना मंच बनेजहां आपकी उपलब्धियां गर्व से छपें, आपकी समस्याएं प्रमुखता से उठें और आपकी आवाज उन तक पहुंचे, जिन्हें उसे सुनना चाहिए। आपकी आलोचना हमारा मार्गदर्शन होगी और आपका विश्वास हमारी सबसे बड़ी पूंजी। बंगाल ने हमेशा देश को दिशा दी है। हमें विश्वास है कि इसकी प्रतिभा, परिश्रम और सांस्कृतिक चेतना एक नए विकास अध्याय का निर्माण करेगी। इस यात्रा में हम आपके साथ चलना चाहते हैं।

आज से एक नया रिश्ता शुरू हुआ है।

आपका शहर, आपका प्रदेश, आपकी आवाज—अब आपका अपना दैनिक जागरण।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।