नमस्कार कोलकाता! आत्मीयता के धागों से बुनने आए हैं विश्वास की नई सुबह
दैनिक जागरण ने कोलकाता में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है, जो शहर की समृद्ध संस्कृति और बौद्धिक विरासत से जुड़ने का लक्ष्य रखता है।
-1795282647229_m.webp)
दैनिक जागरण ने कोलकाता में पत्रकारिता का नया अध्याय शुरू किया (फोटो- जागरण)
HighLights
दैनिक जागरण ने कोलकाता में पत्रकारिता का नया अध्याय शुरू किया
सत्य, निष्पक्षता और राष्ट्रहित के सिद्धांतों पर आधारित पत्रकारिता
बंगाल की संस्कृति और जन-मन की धड़कन को आवाज देगा
कोलकाता… नाम भर से मन-मस्तिष्क में इतिहास की महक, संस्कृति की खुशबू, रवींद्रनाथ टैगोर के गीतों की मिठास, नेताजी सुभाष चंद्र बोस के ओज और दुर्गा पूजा की वह अद्भुत रौनक तैर जाती है, जिसे केवल जिया जा सकता है, शब्दों में बांधा नहीं जा सकता। 'सिटी आफ ज्वाय' यानी आनंद की इस मायानगरी में आज दैनिक जागरण अपने पत्रकारिता के पथ पर एक नए और गौरवशाली अध्याय का श्रीगणेश कर रहा है। आज से बंगाल की इस उर्वरा और बौद्धिक भूमि पर दैनिक जागरण आपके विश्वास, आपकी आवाज और आपके हर सुख-दुःख का सच्चा साथी बनकर उपस्थित है।
बंगाल और दैनिक जागरण का यह मिलन महज दो भौगोलिक सीमाओं का विस्तार नहीं है, बल्कि यह दो ऐसी संस्कृतियों का संगम है, जो वैचारिक समृद्धि और राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि मानती हैं। बंगाल वह धरती है जिसने देश को वैचारिक क्रांति दी, साहित्य और कला के नए क्षितिज गढ़े और स्वतंत्रता संग्राम की लौ को अपने प्राणों की आहुति देकर प्रज्वलित रखा। यहां का हर नागरिक अपने बौद्धिक विवेक, कला-प्रेमी स्वभाव और बेबाक राय के लिए जाना जाता है। ऐसे जागरूक पाठकों के बीच कदम रखना हमारे लिए जितना गर्व का विषय है, उतना ही यह एक बड़ी जिम्मेदारी का अहसास भी कराता है।
हम जानते हैं कि कोलकाता सिर्फ एक महानगर नहीं है, यह एक जीवंत भावना है। यहां की गलियों में बहती फुटबाल की दीवानगी, हावड़ा ब्रिज पर ठहरता हुआ समय, कालेज स्ट्रीट की किताबों की सोंधी महक और ढलती शाम के साथ होने वाली चाय पर चर्चा—सबकुछ अनूठा है। दैनिक जागरण इसी अनूठेपन और यहां की माटी की खुशबू को अपने पन्नों पर स्थान देने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी यह पत्रकारिता केवल खबरों का संकलन नहीं होगी, बल्कि यह बंगाल के जन-मन की धड़कन को सुनेगी, उनकी उम्मीदों को आवाज देगी और आपकी हर समस्या को समाधान तक पहुंचाने का सेतु बनेगी।
आज जब हम पहली बार आपके हाथों में अपनी यह प्रस्तुति सौंप रहे हैं, तो हमारा ध्येय स्पष्ट है—'सत्य, निष्पक्षता और राष्ट्रहित'। पत्रकारिता का उद्देश्य सिर्फ सूचना देना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाना और जनता को सशक्त बनाना है। हम राजनीति के गलियारों से लेकर गांव-खलिहानों और महानगर के कोने-कोने तक, आपकी हर बात को पूरी ईमानदारी और शालीनता के साथ उठाएंगे। हम केवल आपके अखबार नहीं, बल्कि आपके परिवार का वह सदस्य बनना चाहते हैं जिसके साथ आप अपने दिन की शुरुआत एक मजबूत और सकारात्मक विश्वास के साथ कर सकें।
कोलकाता के आत्मीय पाठकों, आपका यह शहर अपनी गर्मजोशी और खुले दिल के लिए पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। हमें पूरा विश्वास है कि जिस स्नेह और अपनापन से आप हर नए मेहमान को अपनाते हैं, वही आत्मीय छांव आप दैनिक जागरण को भी देंगे। आइए, वैचारिक समृद्धि के इस पावन पर्व पर एक नए रिश्ते की नींव रखें, एक नई सुबह का स्वागत करें।
दैनिक जागरण परिवार की ओर से आपको अनंत शुभकामनाएं। आपका प्यार और विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।