विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में सर्दी की राह में रोड़ा बने चक्रवात: अर्णब और मुरासु के बाद अब 'अकवान' का खतरा, नहीं गिर रहा पारा

Published: Tue, 17 Nov 2026 07:49 PM (GMT+05:30)

बंगाल की खाड़ी से उठ रहे चक्रवात कोलकाता समेत राज्य के कई जिलों में ठंड की राह में बाधक बन ...और पढ़ें

बंगाल में चक्रवातों के कारण सर्दी की दस्तक में देरी

बंगाल में चक्रवातों के कारण सर्दी की दस्तक में देरी

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की खाड़ी से उठ रहे चक्रवात कोलकाता समेत राज्य के कई जिलों में ठंड की राह में बाधक बन रहे हैं। एक के बाद एक सक्रिय हो रहे मौसमी सिस्टम के कारण ठंड की दस्तक नहीं हो पा रही है।

अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में आए चक्रवात ‘अर्णब’ और नवंबर की शुरुआत में सक्रिय हुए ‘मुरासु’ के बाद अब ‘अकवान’ का खतरा मंडरा रहा है। इन मौसमी सिस्टम ने हवा की दिशा और वातावरण में नमी की स्थिति को प्रभावित किया है।

नतीजतन, उत्तर-पश्चिम से आने वाली शुष्क और ठंडी हवाओं का प्रभाव कमजोर पड़ रहा है और उनकी जगह बंगाल की खाड़ी से नमी वाली अपेक्षाकृत गर्म हवाएं ले रही हैं। कोलकाता में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है।

कोलकाता के आसपास के जिलों में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। दमदम में न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक है। दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक चढ़कर 21.4 डिग्री दर्ज हुआ।

सुंदरबन क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक है। इसी तरह नदिया के कृष्णानगर में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है।

मौसम विज्ञानियों ने बताया कि कोलकाता व आसपास नवंबर के दूसरे सप्ताह से हल्की ठंड दस्तक देने लगती है। इस बार अब तक इसकी अनुभूति नहीं हो पाई है। ठंड की शुरुआत के लिए उत्तर-पश्चिमी हवाओं का नियमित प्रवाह जरूरी है।

उत्तर भारत में तापमान गिरने के साथ वहां से आने वाली ठंडी हवाएं पूर्वी भारत के तापमान को भी नीचे लाती हैं। लेकिन लगातार सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण इस मौसमी बदलाव को बाधित कर रहे हैं। इनके प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से गर्म और नमी वाली दक्षिण-पूर्वी हवाएं गंगा के मैदानी इलाकों तक पहुंच रही हैं।

वातावरण में बढ़ी नमी और बादलों की मौजूदगी रात के तापमान को सामान्य से अधिक बनाए रखने में भूमिका निभा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।