चक्रवात 'मुरासु' का बंगाल पर सीधा असर नहीं, दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बारिश के आसार
चक्रवात 'मुरासु' का बंगाल पर सीधा असर नहीं होगा, लेकिन इसके प्रभाव से दक्षिण बंगाल के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

चक्रवात 'मुरासु' का बंगाल पर सीधा असर नहीं। (एएनआई)
HighLights
चक्रवात मुरासु का बंगाल पर सीधा असर नहीं।
दक्षिण बंगाल के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश संभव।
मछुआरों को समुद्र में जाने से किया गया मना।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात 'मुरासु' का बंगाल पर सीधे असर पड़ने की आशंका नहीं है। हालांकि, इसके प्रभाव से दक्षिण बंगाल के कई जिलों में मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अलीपुर मौसम विभाग ने राज्य के लिए कोई विशेष चक्रवात चेतावनी जारी नहीं की है।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात दो नवंबर की मध्यरात्रि से तीन नवंबर की सुबह के बीच दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की अधिकतम रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा रहने और झोंकों की गति 120 किलोमीटर तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम विभाग के दो नवंबर दोपहर के बुलेटिन के अनुसार, चक्रवात पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में स्थित था और उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा था। इसके नेल्लोर और नरसापुर के बीच, ओंगोल के दक्षिण में तट से टकराने की संभावना है। इसके बाद इसकी ताकत धीरे-धीरे कम होने का अनुमान है।
दक्षिण बंगाल में बारिश, फिर शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा और पुरुलिया में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। चार से नौ नवंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। इससे पहले सोमवार दोपहर भी कोलकाता समेत जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ीं।
मछुआरों को समुद्र में जाने से मनाही
चक्रवात के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी और दक्षिण ओडिशा तट के आसपास समुद्र में उथल-पुथल रहने की आशंका है। मछुआरों को चार नवंबर तक पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में नहीं जाने की सलाह दी गई है। कोलकाता और हल्दिया बंदरगाह पर दूरस्थ चेतावनी संकेत नंबर दो जारी किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।