विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में मुरासु तूफान का नहीं होगा असर, तीन दिनों में गिरेगा तापमान

Published: Tue, 03 Nov 2026 07:27 PM (IST)

चक्रवाती तूफान मुरासु का बंगाल पर कोई असर नहीं होगा, हालांकि 4 नवंबर तक कुछ जिलों में हल्की बारिश का अनुमान है।

बंगाल में मुरासु तूफान का नहीं होगा असर।

बंगाल में मुरासु तूफान का नहीं होगा असर।

HighLights

  1. चक्रवाती तूफान मुरासु का बंगाल पर कोई असर नहीं।

  2. 4 नवंबर तक कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश संभव।

  3. अगले तीन दिनों में तापमान 3-4 डिग्री सेल्सियस गिरेगा।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। चक्रवाती तूफान मुरासु का बंगाल पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। हालांकि, मौसम विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कई जिलों में चार नवंबर की सुबह तक हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। इसके बाद राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, आंध्र प्रदेश के ओंगोल के पास तट से टकराने के बाद चक्रवाती तूफान मुरासु के उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। विभाग तूफान की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है। हालांकि, इसके बंगाल को प्रभावित करने की आशंका नहीं है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले तीन दिनों में पूरे राज्य में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे मौसम में ठंडक बढ़ने के आसार हैं। उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग और कालिम्पोंग जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

वहीं, दक्षिण बंगाल के उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, कोलकाता, हावड़ा, हुगली, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा और पुरुलिया में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। तापमान में गिरावट के साथ ही राज्य में सर्दी का अहसास धीरे-धीरे बढ़ सकता है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।