चक्रवात अकवान को लेकर बंगाल में हाई अलर्ट, कोलकाता-हावड़ा समेत कई जिलों में बारिश शुरू
चक्रवात 'अकवान' के मद्देनजर बंगाल में हाई अलर्ट जारी किया गया है, मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव और गृह सचिव हालात पर नजर रख रहे हैं। कोलकाता, हावड़ा सहित कई जिलों में बारिश शुरू हो गई है।

कोलकाता में गुरुवार को भारी बारिश के बीच भीगी सड़कों से गुजरते लोग। (फोटो- ANI)
HighLights
बंगाल में चक्रवात अकवान को लेकर हाई अलर्ट।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर अधिकारी रख रहे हालात पर नजर।
कोलकाता, हावड़ा सहित कई जिलों में बारिश शुरू।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । चक्रवात ‘अकवान’ को लेकर बंगाल में हाई अलर्ट जारी किया गया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर राज्य के मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल व गृह सचिव संघमित्रा घोष पूरे हालात पर निगरानी रख रहे हैं। दक्षिण 24 परगना व पूर्व मेदिनीपुर जैसे तटीय जिलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
आपात स्थिति से निपटने के लिए राज्य आपदा प्रबंधन बल व सिविल डिफेंस को मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन बल से भी सरकार समन्वय बनाकर चल रही है। इस बीच चक्रवात के कारण एहतियातन मुख्यमंत्री का 21 नवंबर का पुरुलिया दौरा स्थगित कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री अब एक दिसंबर को वहां जाएंगे। मुख्यमंत्री शुक्रवार को राज्य सचिवालय नवान्न से तटीय जिलों की स्थिति पर खुद भी नजर रखेंगे।
पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर में अत्यधिक बारिश की आशंका
चक्रवात के प्रभाव से बुधवार से ही कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर व दक्षिण 24 परगना तथा पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने चक्रवात के तट से टकराने के बाद पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर में अत्यधिक बारिश की आशंका जताते हुए नारंगी चेतावनी जारी की है। वहां के कुछ इलाकों में 7-20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है।
पूर्व मेदिनीपुर में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। वहीं, कोलकाता व हावड़ा में भारी बारिश के आसार हैं। दक्षिण 24 परगना जिले के कुछ इलाकों में 7-11 सेंटीमीटर तक बारिश और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
मछुआरों को पहले ही समुद्र में नहीं जाने की हिदायत दी जा चुकी है। कोलकाता, हल्दिया व सागरद्वीप बंदरगाहों पर भी सतर्कता बरती जा रही है। मौसम विभाग ने भारी बारिश से निचले इलाकों व भूमिगत मार्गों में जलजमाव की आशंका जताई है। बिजली गिरने से खड़ी फसलों और बागवानी को नुकसान पहुंच सकता है। कच्चे मकानों व दीवारों के ढहने का भी खतरा है।