विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: चक्रवात आकवान के बाद बढ़े खाने-पीने के दाम, CM शुभेंदु ने बुलाई बैठक; बाजारों में छापेमारी के निर्देश

Published: Tue, 24 Nov 2026 05:55 PM (IST)

चक्रवात आकवान के बाद पश्चिम बंगाल में खाद्य पदार्थों की कीमतों में वृद्धि पर चिंता व्यक्त की गई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नवान्न में उच्चस्तरीय बैठक कर कृषि विपणन विभाग को दाम नियंत्रित करने और कालाबाजारी रोकने के निर्देश दिए हैं।

बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सख्ती (File Photo)

बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सख्ती (File Photo)

HighLights

  1. चक्रवात आकवान के बाद खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी।

  2. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मूल्यवृद्धि पर जताई नाराजगी।

  3. कालाबाजारी, जमाखोरी रोकने के लिए बाजारों में अभियान चलेगा।

राज्य ब्यूरो, जागरण कोलकाता। चक्रवात आकवान के बाद खाद्य पदार्थों की कीमतों में हो रही बढ़ोतरी ने राज्य सरकार की चिंता बढ़ा दी है। चीनी और सरसों तेल जैसी रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ने को लेकर मंगलवार को राज्य सचिवालय नवान्न में उच्चस्तरीय बैठक हुई।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कीमतों में बढ़ोतरी पर नाराजगी जताते हुए कृषि विपणन विभाग के अधिकारियों को दाम नियंत्रित करने का निर्देश दिया है। साथ ही, कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए जरूरत पड़ने पर बाजारों में अभियान चलाने की बात भी कही गई है।

चीनी के दाम दोबारा बढ़ने पर सवाल

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि कुछ दिन पहले सरकारी हस्तक्षेप के बाद खुले बाजार में चीनी की कीमत कम हुई थी, फिर इसमें दोबारा बढ़ोतरी क्यों हो रही है।

सीएम ने सरसों तेल और आलू के दाम बढ़ने पर भी चिंता जताई। कारोबारियों को कीमतों पर नियंत्रण रखने और संबंधित अधिकारियों को बाजार की स्थिति पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया। बैठक में प्रशासन और व्यापारियों के बीच समन्वय मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

कालाबाजारी रोकने के लिए बाजारों में चलेगा अभियान

बैठक में यह भी कहा गया कि कोई कारोबारी निर्धारित कीमत से अधिक पर सामान बेचता है या अवैध रूप से वस्तुओं का भंडारण करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। जरूरत पड़ने पर बाजारों में छापेमारी की जाएगी। सरकार का जोर इस बात पर है कि किसी भी कारोबारी को आपदा के बाद की परिस्थितियों का फायदा उठाकर मनमाने तरीके से कीमतें बढ़ाने का मौका न मिले।

उल्लेखनीय है कि चक्रवात आकवान के बाद सब्जियों, चावल और अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। बाजार के एक वर्ग का मानना है कि सर्दियों की शुरुआत में कुछ समय तक कीमतें ऊंची रह सकती हैं। हालांकि, शुरुआती असर कम होने के बाद दामों में गिरावट आने की उम्मीद जताई जा रही है। राज्य सरकार इस दौरान जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए बाजारों की निगरानी बढ़ा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।