दुबई भागने की फिराक में था साइबर ठग शेख साबिर, कोलकाता एयरपोर्ट पर किया गिरफ्तार
साइबर ठगी के कई मामलों में वांछित शेख साबिर को कोलकाता हवाई अड्डे पर दुबई भागने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया गया।

साइबर ठग शेख साबिर कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार
HighLights
साइबर ठग शेख साबिर कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार।
दुबई भागने की कोशिश करते हुए आव्रजन ने रोका।
कर्नाटक में कई धोखाधड़ी मामलों में वांछित था।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। साइबर ठगी के कई मामलों में वांछित एक आरोपित को दुबई भागने की कोशिश के दौरान कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया है। आरोपित की पहचान शेख साबिर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ कर्नाटक में साइबर धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं।
कर्नाटक पुलिस और सीआइडी लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस के अनुसार, मंगलवार तड़के शेख को दुबई जाने वाली उड़ान में सवार होने से पहले इमीग्रेशन (आव्रजन) अधिकारियों ने रोक लिया।
आव्रजन विभाग ने आरोपित को एयरपोर्ट पुलिस के हवाले किया। इसके बाद बिधाननगर पुलिस ने उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की जानकारी कर्नाटक पुलिस को भेज दी गई है।
आरोपित को आगे की जांच के लिए कर्नाटक ले जाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जांच अधिकारियों के अनुसार, शेख एक बड़े साइबर ठगी नेटवर्क का हिस्सा था। उस पर आर्थिक धोखाधड़ी के अलावा डिजिटल अरेस्ट की धमकी देकर लोगों से रुपये वसूलने और ब्लैकमेल करने का आरोप है।
इस संबंध में बेंगलुरु सिटी साइबर क्राइम थाने में कई शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। लंबे समय से फरार रहने के कारण उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। इसी के आधार पर एयरपोर्ट पर उसकी पहचान हुई।