विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुलगाम आतंकी हमला: 42 राउंड फायरिंग में बाल-बाल बचे CRPF जवान शांतनु चंद्र, दशहरा छुट्टी के बाद लौटे थे ड्यूटी पर

Published: Thu, 12 Nov 2026 06:48 PM (IST)

दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में सीआरपीएफ चेकपोस्ट पर हुए आतंकी हमले में बांकुड़ा के जवान शांतनु चंद्र घायल हो गए। ...और पढ़ें

बुधवार दोपहर करीब सवा दो बजे मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए आतंकियों ने सीआरपीएफ के चेकपोस्ट को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग की।

बुधवार दोपहर करीब सवा दो बजे मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए आतंकियों ने सीआरपीएफ के चेकपोस्ट को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग की।

HighLights

  1. सीआरपीएफ जवान शांतनु चंद्र कुलगाम आतंकी हमले में घायल।

  2. आतंकियों ने चेकपोस्ट पर 42 राउंड अंधाधुंध फायरिंग की।

  3. शांतनु चंद्र अब खतरे से बाहर, परिवार को मिली राहत।

संवाद सूत्र, खड़गपुर । दक्षिण कश्मीर के कुलगाम स्थित शुशमीर बाजार इलाके में सीआरपीएफ के एक चेकपोस्ट पर आतंकियों द्वारा किए गए कायराना हमले में बांकुड़ा जिले के लालबाती नगरी विष्णुपुर के रहने वाले सीआरपीएफ जवान शांतनु चंद्र घायल हो गए हैं। 
 
इस दुस्साहसिक हमले के बाद उनके पैतृक आवास पर चिंता का माहौल बन गया था, हालांकि अब उनके खतरे से बाहर होने की पुष्टि के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है।
 

बुधवार दोपहर हुआ था हमला 

बुधवार दोपहर करीब सवा दो बजे मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए आतंकियों ने सीआरपीएफ के चेकपोस्ट को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग की। 
 
आतंकियों ने चेकपोस्ट पर लगभग 42 राउंड गोलियां चलाईं। इस मुठभेड़ और आतंकी हमले में सीआरपीएफ जवान शांतनु चंद्र समेत कुल तीन जवान घायल हो गए। शांतनु मूल रूप से बांकुड़ा जिला अंतर्गत विष्णुपुर के शांखारी बाजार पोद्दारपाड़ा के रहने वाले हैं।
 

फोन पर दी थी हमले की जानकारी 

घायल जवान की पत्नी नंदिनी ने बताया कि बुधवार शाम करीब चार बजे शांतनु ने खुद फोन कर आतंकी हमले की जानकारी दी थी, लेकिन परिवार को अपनी तबीयत की चिंता न हो, इसलिए उन्होंने शुरुआत में अपने घायल होने की बात छिपाई। 
 
इसके बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे सीआरपीएफ के एक अधिकारी ने फोन कर शांतनु के घायल होने और उन्हें अनंतनाग अस्पताल में भर्ती कराए जाने की सूचना दी। 
 
यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पड़ोसी उनके घर जुटने लगे। कुछ देर बाद शांतनु ने खुद फोन कर परिजनों को बताया कि वे अब बिल्कुल ठीक हैं, जिससे परिवार को बड़ी राहत मिली।
 

दुर्गापूजा की छुट्टी के बाद लौटे थे ड्यूटी पर 

परिजनों के मुताबिक, शांतनु वर्ष 2011 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे और पिछले करीब तीन साल से कुलगाम में ही तैनात हैं। 
 
हाल ही में वे दुर्गापूजा की छुट्टी पर घर आए थे और लक्ष्मी पूजा के बाद वापस अपनी ड्यूटी पर लौटे थे। शांतनु के वृद्ध पिता तारापद चंद्र अस्वस्थ रहते हैं। 
 
इसलिए शुरुआत में उनसे बेटे के घायल होने की बात छिपाई गई थी। बाद में उनके खतरे से बाहर होने की पुष्टि होने पर उन्हें घटना की जानकारी दी गई। 
 
पिता ने गर्व से कहा कि उनका बेटा देश की रक्षा कर रहा है और वे उसके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
 
अधिकारियों ने जानकारी दी है कि इलाज के बाद शांतनु चंद्र को अस्पताल से स्वस्थ हालत में छुट्टी दे दी गई है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन लगातार परिवार के संपर्क में है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।