माकपा MLA का निशाना: BJP अध्यक्ष को कोलकाता नहीं दिल्ली में रैली करनी चाहिए, हुमायूं कबीर पर भी वार
माकपा विधायक मुस्तफिजुर रहमान ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की कोलकाता रैली पर सवाल उठाए और कहा कि उन्हें दिल्ली में विपक्षी सवालों का जवाब देना चाहिए था।

माकपा MLA का निशाना बीजेपी पर निशाना। (पीटीआई)
HighLights
माकपा विधायक ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की रैली पर सवाल उठाए।
नितिन नवीन को दिल्ली में विपक्षी सवालों का जवाब देना चाहिए था।
हुमायूं कबीर के बयानों से भाजपा को मदद मिलने का आरोप।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। माकपा के एकमात्र विधायक मुस्तफिजुर रहमान ने सोमवार को कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को कोलकाता में ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली निकालने के बजाय दिल्ली में विपक्षी INDI गठबंधन के सवालों का जवाब देना चाहिए था। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष के सवालों का जिक्र किया।
नितिन नवीन ने सोमवार को कोलकाता में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ रैली निकाली थी। इसके जवाब में डोमकल के माकपा विधायक रहमान ने कहा कि विपक्ष ने दिल्ली में जो सवाल उठाए हैं, उनका जवाब देने के लिए भाजपा अध्यक्ष को राष्ट्रीय राजधानी में रैली करनी चाहिए थी।
दूसरी ओर, मुर्शिदाबाद के नौदा से विधायक हुमायूं कबीर के छह दिसंबर को रेजिनगर से बहरमपुर तक रैली निकालने के एलान पर भी रहमान ने निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कबीर अपने बयानों से भाजपा को मदद पहुंचा रहे हैं। कबीर ने छह दिसंबर 2025 को बाबरी मस्जिद के माडल पर मस्जिद निर्माण की आधारशिला रखी थी, जिससे राज्य में राजनीतिक विवाद हुआ था। अब उन्होंने 2028 तक मस्जिद निर्माण का संकल्प दोहराने के लिए उसी तारीख को रैली निकालने की बात कही है।
कबीर जैसे लोगों को राजनीति में नहीं होना चाहिए- रहमान
रहमान ने कहा कि कबीर जैसे लोगों को राजनीति में नहीं होना चाहिए। उनके मुताबिक, कबीर के पहले के विवादित बयानों के कारण भाजपा रेजिनगर उपचुनाव जीतने में सफल रही। भाजपा के शंकरव रव सरकार ने यहां अजुप उम्मीदवार गोलाम नबी आजाद को 75,816 मतों से हराया। आजाद, कबीर के बेटे हैं।