दिसंबर में बंगाल में आंदोलन करेगी भाकपा; रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई और एसआइआर को लेकर केंद्र पर निशाना
भाकपा दिसंबर में बंगाल में संविधान, लोकतांत्रिक अधिकारों और कानूनों की रक्षा की मांग पर आंदोलन करेगी। पार्टी रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई और चुनाव आयोग की भूमिका जैसे मुद्दों को लेकर केंद्र पर निशाना साधेगी।

HighLights
भाकपा दिसंबर में बंगाल में राज्यव्यापी आंदोलन करेगी
रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई जैसे मुद्दों पर विरोध
चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाएगी पार्टी
राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। देश के संविधान, लोकतांत्रिक अधिकारों और कानूनों की रक्षा की मांग पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) दिसंबर में बंगाल में आंदोलन करेगी। पार्टी ने इसके तहत एक दिसंबर को कोलकाता में लोकभवन (राजभवन) अभियान और तीन दिसंबर को उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों के लोगों को साथ लेकर सिलीगुड़ी स्थित उत्तरकन्या अभियान की घोषणा की है।
भाकपा के प्रदेश सचिव स्वपन बनर्जी ने कहा कि देश में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों जैसी आम लोगों की बुनियादी समस्याओं की अनदेखी हो रही है। कारपोरेट हितों, सांप्रदायिक विभाजन और भेदभावपूर्ण नीतियों के जरिए देश के लोकतांत्रिक ढांचे को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। भाजपा शासन में देश की लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है।
बनर्जी ने चुनाव आयोग की भूमिका और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने और गिरफ्तार करने की मांग की। इन मुद्दों को लेकर ही राज्यव्यापी आंदोलन का आह्वान किया गया है।
दूसरी ओर, माकपा के प्रदेश सचिव मोहम्मद सलीम ने भूमि सुधार को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के आरोपों को खारिज किया। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया था कि वाममोर्चा सरकार ने आपरेशन बर्गा के नाम पर घुसपैठियों को जमीन दी थी।
सलीम ने कहा कि वाममोर्चा सरकार ने बिना मुआवजा दिए जमीन के मालिकों से लेकर भूमिहीन किसानों के बीच जमीन का वितरण किया था। इसका उद्देश्य जाति, धर्म और संप्रदाय से परे समाज के सभी वर्गों की भागीदारी बढ़ाना था।