नंदीग्राम सीट पर कांग्रेस ने ठुकराया ममता बनर्जी का प्रस्ताव, रेजीनगर उपचुनाव में भी होगी तकरार
ममता बनर्जी ने नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव के लिए कांग्रेस को गठबंधन का प्रस्ताव दिया था, जिसे कांग्रेस ने सिरे से खारिज कर दिया।

कांग्रेस और TMC के बीच तकरार (फाइल फोटो)
HighLights
ममता ने नंदीग्राम सीट कांग्रेस को देने का प्रस्ताव रखा।
कांग्रेस ने रेजीनगर में समर्थन देने से भी इनकार कर दिया।
कड़वे राजनीतिक संबंध प्रस्ताव खारिज होने का मुख्य कारण।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। नंदीग्राम व रेजीनगर विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के गठबंधन के प्रस्ताव को कांग्रेस ने सिरे से खारिज कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार ममता ने सोमवार शाम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल को फोन कर भाजपा को रोकने के लिए दोनों दलों के साथ मिलकर उपचुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया था। उन्होंने नंदीग्राम सीट कांग्रेस के लिए छोड़ने और वहां अपना उम्मीदवार हटाने की पेशकश की थी जबकि रेजीनगर में कांग्रेस से उनके उम्मीदवार के समर्थन का अनुरोध किया था।
कांग्रेस ने ममता का प्रस्ताव ठुकराया
बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने इसके जवाब में कहा कि यदि तृणमूल का ममता खेमा वास्तव में गठबंधन चाहता है तो उपचुनाव में नंदीग्राम व रेजीनगर, दोनों सीटों पर कांग्रेस का समर्थन करे। ऐसा होने पर भविष्य में गठबंधन की राह खुल सकती है।
सियासी विश्लेषकों का कहना है कि ममता के प्रस्ताव को खारिज करने का प्रमुख कारण दोनों दलों का कड़वा राजनीतिक संबंध है। 2011 के विधानसभा चुनाव में वाम दलों को सत्ता से हटाने के लिए ममता ने कांग्रेस के साथ गठबंधन किया था।
चुनाव जीतकर तृणमूल ने सरकार बनाई, लेकिन 2012 में ही कांग्रेस के साथ गठबंधन खत्म कर दिया। इसके बाद बंगाल में तृणमूल शासन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमले, झूठे मामलों में फंसाने और हत्या तक के आरोप लगते रहे हैं।
ममता के प्रस्ताव पर बंगाल कांग्रेस के निचले स्तर के नेताओं व कार्यकर्ताओं की कड़ी नाराजगी सामने आई है। कांग्रेस नेतृत्व का कहना है कि उनकी भावनाओं को देखते हुए ही प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया गया।
मालूम हो कि ममता खेमे ने नंदीग्राम में संचिता प्रधान दे को उम्मीदवार बनाया है। उनके नाम को लेकर स्थानीय स्तर पर असंतोष की खबरें हैं। शिक्षक भर्ती घोटाले में उनका नाम सामने आने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
नंदीग्राम व रेजीनगर में आगामी छह अक्टूबर को मतदान होना है। कांग्रेस और तृणमूल, दोनों इन सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी हैं।
रेजीनगर में कांग्रेस उम्मीदवार ने नामांकन भी दाखिल कर दिया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार मौजूद थे।
वहीं तृणमूल के बागी ऋतब्रत बनर्जी गुट ने भी अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं। मालूम हो कि नंदीग्राम सीट मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी व रेजीनगर आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर के छोड़ने के कारण रिक्त हुई हैं।
यह भी पढ़ें- TMC सांसद कीर्ति आजाद को कलकत्ता हाई कोर्ट से बड़ी राहत, उगाही मामले में सख्त कार्रवाई पर रोक
