बंगाल में अकेले लड़ने को तैयार कांग्रेस
42 सीटों पर उम्मीदवार देने पर आमादा - राहुल गांधी ने दिखाई हरी झंडी राज्य ब्यूरो कोलकाता व
42 सीटों पर उम्मीदवार देने पर आमादा
- राहुल गांधी ने दिखाई हरी झंडी
राज्य ब्यूरो, कोलकाता: वाममोर्चा और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर जो संदेह पैदा हुआ था वह अंतत: पुख्ता साबित हुआ। प्रदेश कांग्रेस ने कहा है कि वह राज्य में अकेले लड़ने के लिए तैयार है और अब कुल 42 सीटों पर लड़ेगी।
सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सोमेन मित्रा से वीडियो कांफ्रेस से बातचीत की। मित्रा ने माकपा के अड़ियल रुख से राहुल गांधी को अवगत कराया और वाममोर्चा के साथ गठबंधन नहीं करने की सलाह दी। बताया जाता है कि राहुल ने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को बंगाल में अकेले चुनाव लड़ने के लिए हरी झंडी दिखा दी है। प्रदेश कांग्रेस कुल 42 सीटों पर लड़ने की बात कही है। अब कांग्रेस माकपा की जीती हुई दो सीटों रायगंज और मुर्शिदाबाद सीटों पर भी उम्मीदवार उतारेगी। दीपा दासमुंशी रायगंज से चुनाव लडें़गी।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को भी प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय विधानभवन में कांग्रेस चुनाव कमेटी की बैठक हुई थी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सोमेन मित्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में दीपा दासमुंशी और प्रदीप भंट्टाचार्य समेत पार्टी के अधिकांश बड़े नेता उपस्थित थे। कांग्रेस नेताओं ने तालमेल पर सहमति हुए बिना वाममोर्चा के 25 उम्मीदवारों की सूची जारी करने पर आपत्ति जताई। दीपा दासमुंशी ने साफ कहा कि इस स्थिति में वाममोर्चा के साथ गठबंधन या सीटों के तालमेल करने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कांग्रेस हाईकमान को भी यह बात बताने का सुझाव दिया। कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी दीपा दासमुंशी की बात का समर्थन किया। प्रदेश कांग्रेस चुनाव कमेटी के अकेले चुनाव लड़ने के निर्णय से राहुल गांधी को अवगत कराया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सोमेन मित्रा की बात सुनने के बाद राहुल गांधी ने बंगाल में अकेले चुनाव लड़ने पर सहमति जताई दी है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सोमेन मित्रा को दिल्ली बुलाया है। मित्रा उम्मीदवारों की सूची लेकर दिल्ली जाएंगी। दो-तीन दिनों में कांग्रेस भी अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी।
कांग्रेस के साथ सीटों के तालमेल पर सहमति नहीं बनने के बावजूद वाममोर्चा ने शुक्रवार को 25 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। वाममोर्चा के साथ गठबंधन की उम्मीद में कांग्रेस पहले ही रायगंज और मुर्शिदाबाद सीट पर लड़ने से पीछे हट गई थी। उसके बाद सीटों पर तालमेल को लेकर दोनों दलों के नेताओं के बीच औपचारिक रूप से बातचीत शुरू हुई। कांग्रेस ने जब पुरूलिया और बशीरहाट सीट पर लड़ने की इच्छा जताई तो माकपा उस पर भी तैयार नहीं हुई। शुक्रवार को वाममोर्चा ने जिन 25 उम्मीदवारों की सूची जारी की उसमें पुरूलिया और बशीरहाट भी शामिल है।