Bengal Politics: लोकसभा में पार्टी के नेता पद से अधीर को हटाने की आई खबर, कांग्रेस ने बताया बेबुनियाद
Bengal Politics सूत्रों ने बताया कि लोकसभा में कांग्रेस के नेता के तौर पर अधीर को बदलने के संबंध में शीर्ष स्तर पर कोई फैसला नहीं हुआ है। अधीर कांग्रेस की बंगाल इकाई के अध्यक्ष भी हैं। बंगाल में भी नेतृत्व परिवर्तन को लेकर कोई फैसला नहीं किया गया है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। अधीर रंजन चौधरी को लेकर रविवार को खबर आई कि लोकसभा में नेता पद से कांग्रेस उन्हें हटाने वाली है। इस बीच, कयास लगाए जाने लगे कि क्या लोकसभा में कांग्रेस नया नेता चुनने वाली है? क्या अधीर रंजन चौधरी का पत्ता सच में कटने वाला है? इन तमाम सवालों का पार्टी ने शाम होते-होते जवाब दे दिया है। लोकसभा में कांग्रेस के नेतृत्व में बदलाव की खबरों को पार्टी ने समय से पहले और बेबुनियाद बताया है। पार्टी की तरफ से रविवार को कहा गया कि अधीर रंजन चौधरी लोकसभा में कांग्रेस के नेता हैं। गौरतलब है कि संसद का मानसून सत्र 19 जुलाई से शुरू होने वाला है। कांग्रेस विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने को तैयार है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि लोकसभा में पार्टी का नेतृत्व बदलने की खबरें समय से पहले और निराधार हैं। हालांकि, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ब्रीफिंग में पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा ने इस सवाल का जवाब नहीं दिया।
सूत्रों ने बताया कि लोकसभा में कांग्रेस के नेता के तौर पर अधीर को बदलने के संबंध में शीर्ष स्तर पर कोई फैसला नहीं हुआ है। अधीर कांग्रेस की बंगाल इकाई के अध्यक्ष भी हैं। बंगाल में भी नेतृत्व परिवर्तन को लेकर कोई फैसला नहीं किया गया है। अलबत्ता, जी-23 के कुछ नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर संगठन में बदलाव का अनुरोध जरूर किया था। इससे पहले मीडिया में इस तरह की खबरें आई थीं कि कांग्रेस लोकसभा में पार्टी के नेता को बदलने की तैयारी में है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी इस बारे में जल्द ही कोई बड़ा फैसला ले सकती हैं। इसके तहत अधीर रंजन चौधरी को हटाकर लोकसभा में किसी और दिग्गज नेता को पार्टी की कमान सौंपी जा सकती है।