कांस्टेबल पर कोलकाता पुलिसकर्मी ने दर्ज कराया मामला
जागरण संवाददाता, हुगली : राज्य पुलिस के कांस्टेबल के खिलाफ कोलकाता के एक पुलिसकर्मी ने उत्तरप
जागरण संवाददाता, हुगली : राज्य पुलिस के कांस्टेबल के खिलाफ कोलकाता के एक पुलिसकर्मी ने उत्तरपाड़ा थाने में दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। आरोपित कांस्टेबल का नाम सूर्यकांत चौधरी है। वर्तमान में वह कानाईपुर में कार्यरत है। वहीं पीड़ित कोलकाता पुलिसकर्मी का नाम संजय दास है।
जानकारी के अनुसार उत्तरपाड़ा थाना के कानाईपुर स्थित रायपुर इलाके में कोलकाता पुलिस में कार्यरत संजय, पत्नी तपती दास के साथ एक होटल में गए। आरोप है कि उनके बाद वहां आरोपित कांस्टेबल सूर्यकांत पहुंचा और पहले सामान देने की मांग करने लगा। संजय ने इसका विरोध किया। आरोप है कि इस पर सूर्यकांत संजय से धक्का-मुक्की पर उतारू हो गया। इतना ही नहीं संजय की पत्नी से छेड़खानी करने की कोशिश का भी आरोप है। संजय के अनुसार घटना के वक्त सूर्यकांत पूरी तरह से नशे की हालत में था। इसी स्थिति में उसने अपने सर्विस रिवाल्वर से संजय और उसकी पत्नी को धमकाने की कोशिश भी की। घटना के बाद संजय ने मामले की शिकायत उत्तरपाड़ा थाने में दर्ज कराई। संजय का कहना है कि सरकारी कर्मचारी का इस प्रकार से व्यवहार पूरी तरह से गलत है। कहा कि मैं खुद भी सरकारी कर्मचारी हूं, यदि मेरे साथ ऐसी घटना हो सकती है, तो आम जनता के साथ क्या हो सकता, इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। उत्तरपाड़ा थाने की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।