कोलकाता के कॉलेज स्ट्रीट पर छात्रों के निष्कासन पर आक्रोश, बुद्धिजीवियों ने राजनीतिक हस्तक्षेप की निंदा की
कोलकाता के कॉलेज स्ट्रीट पर छात्रों के निष्कासन के खिलाफ एक जोरदार विरोध प्रदर्शन हुआ, जिसमें बुद्धिजीवियों ने शैक्षणिक संस्थानों में राजनीतिक हस्तक्षेप की निंदा की।

कोलकाता के कॉलेज स्ट्रीट पर छात्रों के निष्कासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन।
HighLights
कॉलेज स्ट्रीट पर छात्रों के निष्कासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन।
बुद्धिजीवियों ने शैक्षणिक संस्थानों में राजनीतिक हस्तक्षेप की कड़ी निंदा की।
प्रेसीडेंसी और एसआरएफटीआई के छात्रों के निष्कासन पर विवाद।
जागरण संवाददात, कोलकाता। कॉलेज स्ट्रीट पर एपीडीआर के बैनर तले प्रेसीडेंसी यूनिवर्सिटी और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ( एसआरएफटीआई) से छात्रों के निष्कासन के खिलाफ एक जोरदार विरोध बैठक आयोजित की गई।
इस प्रदर्शन में इतिहासकार गौतम भद्रा और समाजशास्त्री पार्थ चटर्जी जैसे प्रमुख बुद्धिजीवियों ने हिस्सा लेकर शैक्षणिक संस्थानों में बढ़ते राजनीतिक हस्तक्षेप की कड़ी निंदा की।
वक्ताओं ने शिक्षण संस्थानों के स्वतंत्र माहौल पर हो रहे हमलों के खिलाफ छात्रों से एकजुट होने की अपील की। विशेष रूप से, प्रेसीडेंसी यूनिवर्सिटी के कुलपति के बेटे और इतिहास के छात्र अर्का सेन चक्रवर्ती ने भी इस आंदोलन में शामिल होकर प्रशासनिक फरमानों पर गंभीर सवाल उठाए।
कैंपस विवाद और प्रशासनिक कार्रवाई पर संग्राम
विवाद की शुरुआत एसआरएफटीआई कैंपस में टकराव और बाहरी लोगों के हमले के बाद शुरू हुए अनिश्चितकालीन धरने से हुई, जिसके जवाब में प्रशासन ने 11 दिसंबर तक शैक्षणिक गतिविधियां निलंबित कर छह छात्रों को निष्कासित कर दिया। दूसरी ओर, प्रेसीडेंसी यूनिवर्सिटी में एबीवीपी के एक पोस्टर विवाद के बाद दो छात्राओं को बाहर कर दिया गया।
निष्कासित छात्रा ओलिविया ने जांच समिति को पक्षपाती बताते हुए साफ किया कि उनका मकसद किसी महान हस्ती का अपमान नहीं, बल्कि संगठन की नीतियों का विरोध था। वहीं, एबीवीपी के प्रदेश सचिव नीलकंठ भट्टाचार्य ने पलटवार करते हुए मांग की कि स्वामी विवेकानंद और श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी हस्तियों का अनादर करने वालों पर प्रशासन और कानून सख्त से सख्त कार्रवाई करे।