विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में चाय श्रमिकों को मिलेगा जमीन का अधिकार और घर, पेंशन की राशि भी बढ़ी

Published: Wed, 18 Nov 2026 08:51 PM (GMT+05:30)

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अलीपुरद्वार में जनजातीय गौरव दिवस पर चाय बागान श्रमिकों को जमीन व आवास, एसटी आरक्षण और फर्जी प्रमाण पत्र रद्द करने की घोषणा की।

आदिवासी और चाय श्रमिकों को लाभ (फाइल फोटो)

आदिवासी और चाय श्रमिकों को लाभ (फाइल फोटो)

HighLights

  1. चाय बागान श्रमिकों को जमीन का अधिकार और आवास मिलेगा।

  2. एसटी आरक्षण सुनिश्चित होगा, फर्जी प्रमाण पत्र रद्द किए जाएंगे।

  3. छात्रावास भत्ता ₹3000, जय जोहार पेंशन ₹1500 हुई।

जागरण संवाददाता, अलीपुरद्वार। चाय बागानों के श्रमिकों को जमीन का अधिकार देने के साथ उन्हें आवास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। सरकारी नौकरियों में अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा और अब तक जारी किए गए सभी फर्जी एसटी प्रमाणपत्र रद किए जाएंगे।

इसके अलावा चाय बागानों की समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को अलीपुरद्वार के रायडाक चाय बागान के मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में ये घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्यभर में आदिवासी गौरव उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को उन्होंने लोकनाथपुर स्थित आदिवासी छात्रावास का निरीक्षण किया और राज्य के 324 छात्रावासों के विद्यार्थियों से बातचीत की।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद आवासीय छात्रावासों के लिए मिलने वाली राशि में बढ़ोतरी की गई है। पहले जहां 1,500 रुपये दिए जाते थे, वहीं अब इसे बढ़ाकर 3,000 रुपये कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जय जोहार पेंशन की राशि 1000 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये कर दी गई है।

उन्होंने छात्र-छात्राओं से उनकी पढ़ाई और रहने की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली। इसके बाद बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया।

मुख्यमंत्री ने अलीपुरद्वार से उत्तर बंगाल के आदिवासी समाज और राष्ट्रवादी जनता को प्रणाम करते हुए कहा कि आदिवासी विकास विभाग की ओर से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि विपक्ष के नेता रहते हुए भी वह इस समारोह में शामिल हुए थे। उस समय मनोज कुमार उरांव इस कार्यक्रम का आयोजन करते थे। अब मुख्यमंत्री के रूप में वह इसमें शामिल हुए हैं।

चाय श्रमिकों को मिलेगा जमीन का अधिकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि वन भूमि पर रहने वाले लोगों को पट्टा देने की दिशा में सरकार काम कर रही है। झाड़ग्राम में 770 परिवारों को वन भूमि का पट्टा दिया गया है। चाय बागानों के श्रमिकों को भी जमीन का अधिकार मिलेगा और उन्हें घर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिकार दिलाने का काम उनकी सरकार करेगी।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य की 16 एसटी आरक्षित सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की है। इसके लिए उन्होंने आदिवासी समाज के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जय जोहार भत्ता बढ़ाया गया है। लिंबू समुदाय के लोगों ने कलाकार भत्ता नहीं मिलने की शिकायत की थी। उनकी इस मांग पर भी विचार कर भत्ता उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि टोटो समुदाय के लिए विशेष पैकेज दिया जा रहा है। बंद चाय बागानों के श्रमिकों को 5,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। सरकार की ओर से घोषित सभी परियोजनाओं को पूरा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरियों में एसटी आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। अब तक जारी किए गए सभी फर्जी एसटी प्रमाणपत्रों को रद्द किया जाएगा। चाय बागानों की समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा। आवास योजना और अन्नपूर्णा योजना से जुड़ी समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अलीपुरद्वार जिले में आदिवासी समुदाय के 4,616 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति दी गई है। आदिवासी समाज के विकास के लिए स्टेट डेवलपमेंट स्कीम के तहत पांच लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। आने वाले समय में केंद्र और राज्य की योजनाओं के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को ऋण की सुविधा भी मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल, जमीन और जंगल पर आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा उनकी सरकार करेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2021 में प्रधानमंत्री जनजातीय गौरव दिवस शुरू किए जाने के लिए आभार भी जताया।

सांसद खगेन मुर्मू पर हमले का मामला फिर खुलेगा

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने जलपाईगुड़ी जिले के नागराकाटा में सांसद खगेन मुर्मू पर हुए हमले का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान राहत सामग्री बांटने के लिए सांसद खगेन मुर्मू नागराकाटा पहुंचे थे। उस समय तृणमूल कांग्रेस के उपद्रवियों ने उन पर हमला किया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं आइजी को निर्देश दूंगा कि इस मामले को फिर से खोला जाए। इस घटना में शामिल लोगों को सजा दिलाने की कार्रवाई की जाए।

आवासीय छात्रावासों में हारमोनियम समेत मिलेंगे वाद्ययंत्र

आवासीय छात्रावासों में अब पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सभी छात्रावासों में हारमोनियम समेत विभिन्न प्रकार के वाद्ययंत्र उपलब्ध कराने की घोषणा की है।

धवार को अलीपुरद्वार के लोकनाथपुर आश्रम छात्रावास का निरीक्षण करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न हिस्सों के आवासीय छात्र-छात्राओं के साथ वर्चुअल संवाद के दौरान यह घोषणा की।

बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे मुख्यमंत्री हाशिमारा वायुसेना केंद्र पहुंचे। वहां से हेलिकॉप्टर के जरिए डांगी आश्रम मैदान के हेलीपैड पर उतरे। इसके बाद दोपहर करीब 2.39 बजे लोकनाथपुर आश्रम छात्रावास पहुंचे। यहां उन्होंने छात्रावास में रहने वाली छात्राओं से सीधे बातचीत की और उनकी पढ़ाई, रहने, खाने तथा अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही राज्य के 324 आवासीय छात्रावासों के विद्यार्थियों से वर्चुअल माध्यम से संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस संवाद में कुल 14,753 विद्यार्थी जुड़े थे। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह देते हुए कहा कि उन्हें भविष्य में डॉक्टर और इंजीनियर बनकर अपनी पहचान स्थापित करनी चाहिए।

लोकनाथपुर आश्रम छात्रावास के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री मयनाबाड़ी के हाथीपोता मोड़ पहुंचे।

वहां उन्होंने आदिवासी जननायक बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया और एक सड़क का नामकरण भी किया। इसके बाद वे रायडाक चाय बागान के गोल्फ मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के विशेष कार्यक्रम में शामिल हुए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।