'काली मां के सामने माफियाओं का नाम लेकर मंदिर को अपवित्र न करें', अभिषेक के घर के बाहर झड़प पर सीएम शुभेंदु की दो टूक
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर हुई झड़प पर प्रतिक्रिया दी, कहा काली मां के सामने माफियाओं का नाम लेकर मंदिर अपवित्र न करें।
-1794042052555_m.webp)
बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी(फोटो: पीटीआई)
HighLights
सीएम शुभेंदु ने अभिषेक बनर्जी के घर झड़प पर तीखी प्रतिक्रिया दी।
अभिषेक के जन्मदिन पर कालीघाट में भाजपा-तृणमूल समर्थकों में झड़प हुई।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमले और हिंसा भड़काने का आरोप लगाया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर शुक्रवार देर रात कालीघाट स्थित उनके आवास के बाहर हुए हंगामे और झड़प पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को अपनी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने घटना के संबंध में पूछे गए सवाल पर बिना नाम लिए अभिषेक बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि काली मां के सामने माफियाओं का नाम क्यों ले रहे हैं?
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका (अभिषेक) नाम लेकर काली मंदिर को अपवित्र मत कीजिए। सुबह उत्तर कोलकाता के मानिकतला में कालीपूजा का उद्घाटन करने पहुंचे शुभेंदु से जब कालीघाट की घटना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने यह जवाब दिया।
हालांकि, उन्होंने अपने बयान में न तो भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगे आरोपों का सीधा जवाब दिया और न ही घटना के लिए किसी पक्ष को जिम्मेदार ठहराया।
दरअसल, शुक्रवार की मध्यरात्रि के बाद अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन पर उनके कालीघाट स्थित आवास के बाहर तृणमूल समर्थक जुटे थे। इसी दौरान भाजपा समर्थकों की ओर से कथित तौर पर 'चोर-चोर' के नारे लगाए जाने के बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की, मारपीट और ईंट-पत्थर फेंकने तक पहुंच गया। भाजपा समर्थकों पर अभिषेक के पोस्टर और बैनर फाड़ने के भी आरोप लगे। घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की खबर है।
अभिषेक ने आरोप लगाया कि उनके आवास पर हमला कर उन्हें जान से मारने की कोशिश की गई। उन्होंने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए और रातभर अपने आवास के बाहर धरने पर बैठे रहे।
शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस के हस्तक्षेप के बाद वह घर के भीतर गए। दूसरी ओर, भाजपा की ओर से तृणमूल समर्थकों पर हमले और उकसावे के आरोप लगाए गए हैं।
यह भी पढ़ें- 'दिमागी नक्सलियों के खिलाफ सफाई अभियान जारी रखे ABVP, ब्लीचिंग पाउडर-फिनाइल हम देंगे'; सीएम शुभेंदु का तंज