सुंदरबन में BSF जवानों के साथ दीवाली मनाएंगे सीएम शुभेंदु, पीएम मोदी की राह पर बंगाल के मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी प्रधानमंत्री मोदी की परंपरा का पालन करते हुए सुंदरबन के हिंगलगंज में बीएसएफ जवानों के साथ अपनी पहली दिवाली मनाएंगे।
-1794075333826_m.webp)
पीएम मोदी की तरह बॉर्डर पर जवानों के साथ दीवाली मनाएंगे शुभेंदु अधिकारी (फोटो-एएनआइ)
HighLights
सीएम शुभेंदु अधिकारी बीएसएफ जवानों संग मनाएंगे दिवाली।
सुंदरबन के हिंगलगंज सीमा चौकी पर होगा आयोजन।
पीएम मोदी की परंपरा का कर रहे हैं अनुसरण।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अनुसरण करते हुए बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी इस बार दीवाली सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों के साथ मनाएंगे।
मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली दीवाली है। दीवाली के अवसर पर मुख्यमंत्री रविवार को भारत-बांग्लादेश सीमा से लगे सुंदरबन के हिंगलगंज स्थित बीएसएफ की सीमा चौकी पहुंचेंगे और देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात जवानों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करेंगे। उनके साथ राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सिद्धिगुप्ता गुप्ता भी रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को कोलकाता पुलिस मुख्यालय लालबाजार में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत के दौरान अपने इस कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रविवार को डीजीपी को लेकर हिंगलगंज स्थित बीएसएफ चौकी जाऊंगा। जो जवान अपना सबकुछ छोड़कर देश की सीमा की सुरक्षा में तैनात हैं, उन्हें दीवाली की शुभकामनाएं दूंगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बीएसएफ और पुलिस के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए दिल्ली में कई बैठकें की गई हैं। राज्य सरकार इस दिशा में हरसंभव प्रयास कर रही है।
सीमा सुरक्षा के लिए केंद्र-राज्य में बेहतर समन्वय पर जोर
शुभेंदु ने कहा कि बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद से केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर तालमेल के साथ काम हो रहा है। सीमा सुरक्षा के मामले में भी राज्य प्रशासन और बीएसएफ के बीच समन्वय को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में केंद्र और राज्य के बीच इस सहयोग का असर और स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी लंबे समय से दीवाली का त्योहार सीमा पर तैनात जवानों के साथ मनाते रहे हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के दौरान उन्होंने यह परंपरा शुरू की थी।
प्रधानमंत्री बनने के बाद भी उन्होंने इसे जारी रखा। इस दौरान कभी सेना तो कभी अर्धसैनिक बलों के जवानों के बीच पहुंचकर उनके साथ दीवाली मनाई। अब मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जवानों के बीच दीवाली मनाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।