125 दिनी रोजगार योजना में सुस्ती पर सीएम शुभेंदु सख्त, बुधवार को सभी बीडीओ के साथ करेंगे आपात बैठक
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल में 125 दिनी ग्रामीण रोजगार योजना के धीमे क्रियान्वयन पर कड़ा रुख अपनाया है।

125 दिनी रोजगार योजना में सुस्ती पर सीएम शुभेंदु सख्त।
HighLights
सीएम शुभेंदु 125 दिनी रोजगार योजना पर सख्त।
सभी बीडीओ के साथ आपात समीक्षा बैठक बुलाई।
योजना क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में 125 दिनी ग्रामीण रोजगार योजना के क्रियान्वयन में सुस्ती की शिकायतों पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने बुधवार को राज्य के सभी ब्लॉक विकास अधिकारियों (बीडीओ) के साथ आपात समीक्षा बैठक बुलाई है।
साल्टलेक स्थित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मुख्यालय में सुबह 11 बजे होने वाली इस बैठक में मुख्यमंत्री के साथ विभागीय मंत्री दिलीप घोष और राज्यमंत्री शांतनु प्रमाणिक भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री ब्लॉक और जिला स्तर पर योजना की प्रगति का ब्योरा लेने के साथ काम में देरी के कारणों पर अधिकारियों से जवाब मांगेंगे।
सचिवों के बाद अब बीडीओ की बारी
राज्य सचिवालय नवान्न सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री कार्यालय को विभिन्न जिलों और पंचायत स्तर पर योजना लागू करने में प्रशासनिक ढिलाई की शिकायतें मिल रही थीं। पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री ने विभागीय सचिवों, प्रधान सचिवों और अतिरिक्त मुख्य सचिवों के साथ बैठक कर योजना की समीक्षा की थी। उस दौरान भी कई ब्लॉकों में काम की धीमी गति और अपेक्षित प्रगति नहीं होने का मुद्दा उठा था।
अब मुख्यमंत्री सीधे बीडीओ से बातचीत कर जमीनी स्थिति की जानकारी लेंगे। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को स्पष्ट कर दिया है कि योजना लागू करने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
100 से बढ़कर 125 दिन हुआ रोजगार का प्रावधान
विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में सत्ता परिवर्तन के पश्चात ग्रामीण रोजगार योजना को केंद्र की विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी-जी राम जी योजना के तहत लागू किया गया है। इसके तहत ग्रामीण परिवारों को सालाना 100 के बजाय 125 दिन के रोजगार की गारंटी का प्रावधान है।
राज्य में यह व्यवस्था एक जुलाई 2026 से लागू हुई थी। हालांकि, इसके बावजूद विभिन्न ब्लॉकों में क्रियान्वयन में देरी और प्रशासनिक कमियों की शिकायतें मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच रही हैं। बुधवार की बैठक में इन शिकायतों की वास्तविकता और योजना की प्रगति का आकलन किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।