विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिम बंगाल में मंत्रियों की बयानबाजी पर लगाम, CM शुभेंदु अधिकारी का बड़ा फैसला; सिर्फ 3 मंत्री रखेंगे सरकार का पक्ष

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:27 PM (IST)

पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार ने मंत्रियों के मीडिया बयानों को सीमित कर दिया है, जिसमें तापस राय, दीपक बर्मन और उमेश राय को सरकार का पक्ष रखने के लिए अधिकृत किया गया है।

पश्चिम बंगाल भाजपा मंत्रियों के मीडिया बयानों पर लगाम सरकार के संदेश पर संगठन का नियंत्रण।

पश्चिम बंगाल भाजपा मंत्रियों के मीडिया बयानों पर लगाम सरकार के संदेश पर संगठन का नियंत्रण।

HighLights

  1. पश्चिम बंगाल भाजपा ने मंत्रियों के मीडिया बयानों को सीमित किया

  2. तापस राय, दीपक बर्मन, उमेश राय सरकार के प्रवक्ता

  3. पार्टी में अनुशासन और राजनीतिक संदेश पर नियंत्रण

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा के सामने सबसे बड़ी राजनीतिक चुनौतियों में एक अपनी सांगठनिक संस्कृति और सरकार के कामकाज के बीच तालमेल कायम करना है।

विधानसभा चुनाव में मिली जीत के बाद सत्ता की कमान संभालने वाली भाजपा अब केवल प्रशासनिक फैसलों के जरिये अपनी पहचान बनाने की कोशिश नहीं कर रही, बल्कि पार्टी के भीतर भी अधिकारों और जवाबदेही की नई लकीरें खींच रही है।

इसका ताजा उदाहरण मंत्रियों के मीडिया में बयान देने की भूमिका सीमित करना और सरकार की तरफ से बोलने के लिए तीन मंत्रियों को अधिकृत करना है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने तापस राय, दीपक बर्मन और उमेश राय को सरकार का पक्ष रखने की जिम्मेदारी दी है।

बाकी मंत्री अपने विभागों से जुड़े विषयों पर ही मीडिया से बातचीत कर सकेंगे। यह फैसला प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य की उस टिप्पणी के तीन दिन बाद आया, जिसमें उन्होंने मंत्रियों के जरूरत से ज्यादा सार्वजनिक बयान देने पर नाराजगी जताई थी।

यह महज मीडिया प्रबंधन का मामला नहीं है। इसके पीछे सरकार के राजनीतिक संदेश पर संगठन का नियंत्रण और सत्ता के भीतर अनुशासन स्थापित करने की कोशिश भी दिखाई देती है।

मंत्री पद और सांगठनिक हैसियत के बीच खिंचती लकीर

भाजपा के लिए बंगाल में सरकार चलाना और संगठन को एकजुट रखना दो अलग-अलग लेकिन परस्पर जुड़े मोर्चे हैं। सत्ता में आने के बाद मंत्रियों और विधायकों की सार्वजनिक सक्रियता बढ़ना स्वाभाविक है, लेकिन पार्टी नेतृत्व के सामने यह चुनौती भी है कि अलग-अलग नेताओं के बयान सरकार की सामूहिक नीति से अलग न दिखाई दें।

गत दिनों भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक सुनील बंसल और प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य की मौजूदगी में हुई सांगठनिक बैठक में विधायकों और मंत्रियों को अनुशासन का संदेश दिया गया था। बैठक में कुछ विधायकों के सांगठनिक कार्यक्रमों से दूरी बनाने, स्थानीय संगठन को नजरअंदाज करने और मंत्रियों के विभागीय दायरे से बाहर बयान देने पर असंतोष जताया गया था।

सत्ता परिवर्तन के बाद भरोसे की कसौटी

भाजपा के सामने दूसरी चुनौती उन राजनीतिक और प्रशासनिक तौर-तरीकों से अलग पहचान बनाने की है, जिनके खिलाफ उसने पिछली सरकार के दौरान अभियान चलाया था।

तृणमूल शासन के दौरान कथित वसूली, कटमनी और सिंडिकेट संस्कृति को भाजपा ने अपने राजनीतिक हमलों का प्रमुख आधार बनाया था। लेकिन सत्ता संभालने के बाद भाजपा से जुड़े लोगों पर भी ऐसे आरोप सामने आने लगे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।