बंगाल: हुगली में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बवाल, दो पक्षों के बीच मारपीट में कई घायल; पुलिस ने किया लाठीचार्ज
हुगली के आरामबाग में दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन को लेकर दो मोहल्लों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें मारपीट और घरों में तोड़फोड़ हुई, कई लोग घायल हुए।

बंगाल में मूर्ति विसर्जन को लेकर दो गुटों में झड़प। (एआई द्वारा निर्मित फोटो।)
HighLights
दुर्गा पूजा विसर्जन पर आरामबाग में संघर्ष हुआ।
दो मोहल्लों के लोगों के बीच मारपीट हुई।
पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। दुर्गापूजा की प्रतिमा विसर्जन को लेकर बुधवार रात हुगली जिले के आरामबाग के सतीतला इलाके में दो मोहल्लों के लोगों के बीच संघर्ष हो गया। इस दौरान जमकर मारपीट हुई और कई घरों में तोड़फोड़ किए जाने का आरोप है। घटना में कई लोग घायल हुए हैं।
सूचना मिलने पर आरामबाग थाने के आइसी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच मारपीट जारी रहने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।
क्यों हुई मारपीट?
जानकारी के अनुसार, सतीतला इलाके के बांधपाड़ा और भूमिजपाड़ा में दुर्गापूजा का आयोजन होता है। प्रतिमा विसर्जन से पहले एक मोहल्ले के लोग सिंदूर खेला और नाच-गाने में व्यस्त थे। इसी दौरान दूसरे मोहल्ले के कुछ युवक वहां पहुंचकर नाचने लगे।
इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान लाठियों से भी हमला किया गया। कुछ घरों में तोड़फोड़ किए जाने का भी आरोप है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं।
लाठीचार्ज के बाद स्थिति सामान्य
संघर्ष की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हालात काबू में नहीं आए। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थिति सामान्य हुई। घटना में गंभीर रूप से घायल लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है। दशमी की रात हुई इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया।
