कोलकाता के एकबालपुर में तृणमूल-भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प, लाठीचार्ज
कोलकाता के एकबालपुर में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ...और पढ़ें
HighLights
हुसैन शाह रोड पर भाजपा की चुनावी सभा में झड़प
भाजपा प्रत्याशी राकेश सिंह और पुत्री घायल
पुलिस ने स्थिति नियंत्रण के लिए किया लाठीचार्ज
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता के एकबालपुर इलाके में चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल फिर गरमा गया। हुसैन शाह रोड पर भाजपा की एक चुनावी सभा को लेकर तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार झड़प हो गई। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा।
आरोप है कि घटना में कोलकाता पोर्ट विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी राकेश सिंह को बचाने में उनकी पुत्री तथा कई भाजपा कार्यकर्ता जख्मी हो गए। घटना सोमवार रात की है, जब राकेश सिंह के नेतृत्व में एक सभा आयोजित की गई थी।
'मिनी पाकिस्तान जिंदाबाद के लगे नारे'
राकेश सिंह का आरोप है कि सभा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की नारेबाजी के जवाब में पास में मौजूद तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता मिनी पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। आरोप है कि इस दौरान बड़ी संख्या में टीएमसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला भी बोल दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज
स्थिति तब और बिगड़ गई जब दोनों दलों के समर्थक एकबालपुर थाने के सामने इकट्ठा हो गए। थाने के गेट के बाहर एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया गया। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की बड़ी टीम मौके पर पहुंची और हालात को संभालने की कोशिश की। पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
इसमें भाजपा प्रत्याशी की पुत्री समेत कई भाजपा कार्यकर्ताओं चोटें आई हैं। राकेश सिंह प्राथमिक इलाज के लिए अपनी पुत्री को अस्पताल ले गए। वहीं दूसरी ओर टीएमसी ने हमले की घटना से साफ इन्कार किया है।
टीएमसी ने क्या लगाया आरोप
टीएमसी का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ता उनकी पार्टी के उम्मीदवार तथा कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे थे, जिसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया था। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और किसी भी नई अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार पुलिस गश्त जारी है।
