बंगाल: नौका हादसे में मारे गए पांच लोगों के परिवारों को मिला दो-दो लाख रुपये मुआवजा, सीएम ममता बनर्जी ने सौंपे चेक
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 26 अक्टूबर को मुर्शिदाबाद जिले के बेलदांगा 1 ब्लॉक में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान नाव पलटने की घटना में मारे गए पांच लोगों के परिवारों को 2 लाख रुपये का मुआवजा दिया। यह घटना मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में घटी है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में गत सोमवार को मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के दौरान हुए नाव हादसे में मारे गए प्रत्येक के परिजनों को राज्य सरकार दो लाख रुपए मुआवजा देगी। बुधवार को राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसकी घोषणा की। बतातेे चले कि गत सोमवार की रात बेलडांगा में स्थानीय जलाशय में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन हो रहा था। यहां की सबसे पुरानी हाजरा बाड़ी की मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जा रहा था, तभी यह घटना घटी।
बताया जाता है कि दो नौकाओं के जरिए विसर्जन कार्यक्रम चल रहा था तथा दोनों ही पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। अचानक दोनों नौकाओं का संतुलन बिगड़ गया तथा देखते ही देखते वह जलाशय में धीरे-धीरे समा गई। इस घटना के साथ ही जलाशय के किनारे भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे।ज्यादातर लोग तैर कर बाहर निकल गए, लेकिन पांच लोगों का काफी देर तक पता नहीं चल पाया। बाद में मछुआरों की सहायता से जलाशय से उन्हें मृत अवस्था में बरामद किया गया। पुलिस का का अनुमान है कि प्रतिमा के नीचे दब जाने के कारण ही पांचों लोगों की मौत हुई है।
कैसे हुआ नौका हादसा
नौका के मांझी के मुताबिक प्रतिमा विसर्जन करने नौका पर क्षमता से ज्यादा लोग सवार हो गए थे।जिनमें से कुछ लोगों ने मांझी से नौका नियंत्रित करने वाले बांस को लेकर विवाद भी किया। मांझी के मुताबिक विसर्जन करने आए कुछ लोग नशे में भी थे। 25 साल से नौका चला रहे मांझी ने बताया कि उन्होंने अपने जीवन में ऐसा हादसा कभी नहीं देखा। सभी संयमित होते तो हादसा टाला जा सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक साढ़े तीन सौ पुरानी हाजरा बाड़ी की दुर्गापूजा आयोजन की प्रतिमा विसर्जन किया जा रहा था। दो नावों के बीच में मां की प्रतिमा डुमनीदह जलाशय के बीचों बीच लाई गई थी। अचानक एक नौका झुकी और कुछ क्षणों के भीतर दोनों नौका डूब गई। उन पर सवार 30 से 35 लोग पानी में जा गिरे। पुलिस के मुताबिक दोनों नौका में 10-10 लोग सवार थे।