कार का टायर खोला तो निकला 3.62 करोड़ का सोना
इनके पास से 12.075 किलो सोना बरामद किया गया है। इसकी कीमत करीब 3.62 करोड़ रुपये है। इस बारे में डीआरआइ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी है।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। भारत-म्यांमार सीमा से गाडि़यों के टायरों में सोना डालकर तस्करी के लिए ले जा रहे दो तस्करों को डिरेक्टोरेट ऑफ रेवेंयू इंटेलिजेंस (डीआरआइ) की टीम ने गिरफ्तार किया है। इन्हें मणिपुर राज्य के मोरे में पकड़ा गया है।
इनके पास से 12.075 किलो सोना बरामद किया गया है। इसकी कीमत करीब 3.62 करोड़ रुपये है। इस बारे में डीआरआइ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि इस तस्करी के बारे में पुख्ता सूचना पहले से ही मिल गई थी। तय योजना के तहत डीआरआइ और असम राइफल्स की टीम संदिग्ध जगह पर मौजूद थी। जैसे ही दो कारें दिखीं, टीम ने उन्हें जांच के लिए रोका।
तलाशी के दौरान तो पूरे कार में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला लेकिन जैसे ही दोनों कारों के आगे व पीछे के टायरों को खोला गया, उसमें से सोने निकलने लगे। इसे जब्त कर दोनों कारों के चालकों को गिरफ्तार किया गया है।
इन लोगों ने बताया है कि म्यांमार से इस सोने को लाया गया था। वे इसे इंफाल ले जा रहे थे। इनसे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर ये लोग इस सोने को कहां ले जा रहे थे।