भाजपा के लिए प्रचार करने पर होगा सामाजिक बहिष्कार, टीएमसी नेता ने खुलेआम दी धमकी
राज्य में नगर निकायों के लिए होने वाले चुनाव के मद्देनजर पार्टी कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने व लोगों से संपर्क बढ़ाने के लिए भाजपा ने कई योजनाएं बनाई है। इस कड़ी के तहत जनवरी के आखिर में भाजपा के केंद्रीय मंत्री व कद्दावर नेता अमित शाह बंगाल आएंगे।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में टीएमसी एक नेता ने कहा है कि जो लोग आगामी निकाय चुनाव में भाजपा के लिए प्रचार करेंगे, उनका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। पूर्व मिदनापुर जिले के तमलुक के वार्ड चार में मंगलवार शाम तृणमूल कांग्रेस की बैठक का आयोजन किया गया था। बैठक में नगर अध्यक्ष चंचल खाड़ा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी नगर निकाय चुनाव में विपक्षी दल भाजपा की जमानत जब्त की जानी चाहिए। इसके साथ ही जो लोग इससे जुड़े हैं या जो उनके अभियान में शामिल हैं उनका भी सामाजिक बहिष्कार किया जाना चाहिए। क्योंकि वे किसी काम के नहीं हैं। उन्हें मानवीय कार्यों की आवश्यकता नहीं है, इसलिए उनकी कोई सामाजिक आवश्यकता नहीं है।
इस बारे में प्रदेश युवा तृणमूल के उपाध्यक्ष पार्थ सारथी माइति ने बताया कि पार्टी इस तरह की टिप्पणी का समर्थन नहीं करती, क्योंकि किसी भी व्यक्ति का सामाजिक बहिष्कार नहीं होना चाहिए। भाजपा जिस तरह से धार्मिक रूढि़वादिता कर रही है, उससे सामाजिक पतन हो रहा है। वह यही कहना चाहते थे।
इस संबंध में जिला भाजपा तमलुक के उपाध्यक्ष आशीष मंडल ने कहा कि भाजपा के खिलाफ बयान देने वाले टीएमसी नेता हर तरह के भ्रष्टाचार से जुड़े हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने तमलुक अस्पताल के एक डाक्टर की सार्वजनिक रूप से पिटाई कर दी थी। यह देखना होगा कि सामाजिक बहिष्कार कौन करता है। इसका जवाब तमलुक के लोग आने वाले दिनों में देंगे।
अगले कुछ माह में राज्य में नगर निकायों के लिए होने वाले चुनाव के मद्देनजर पार्टी कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने व लोगों से संपर्क बढ़ाने के लिए भाजपा ने कई योजनाएं बनाई है। इस कड़ी के तहत जनवरी के आखिर में भाजपा के केंद्रीय मंत्री व कद्दावर नेता अमित शाह बंगाल आएंगे। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का भी बंगाल दौरा होगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के अखिल भारतीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अगले महीने बंगाल का दौरा कर सकते हैं। भाजपा सूत्रों के मुताबिक दोनों नेता अगले महीने कोलकाता और सिलीगुड़ी में सभा करेंगे।