‘गणतंत्र बचाओ, पश्चिम बंग बचाओ’ आंदोलन का आह्वान, एक सुर में बोले-विधानसभा चुनाव में बंगाल में बनेगी भाजपा की सरकार
West bengal politics बंगाल में सत्तारूढ़ सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर भाजपा नेताओं ने एक सुर में बोला बंगाल में कोविड का संक्रमण ममता बनर्जी की राजनीति के कारण फैला।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की सरकार के खिलाफ प्रदेश भाजपा ने शुक्रवार को पूरे राज्य में ‘गणतंत्र बचाओ, पश्चिम बंग बचाओ’ आंदोलन का आह्वान कर धरना- प्रदर्शन किया। कोलकाता के मेयो रोड स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष भाजपा महासचिव व प्रदेश भाजपा के केंद्रीय प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष, राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा एवं केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्य मुकुल रॉय ने ममता सरकार को हटाने का आह्वान करते हुए घोषणा की कि विधानसभा चुनाव में राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी।
70 फीसद के लोगों की भी बात करेंगे : विजयवर्गीय
विजयवर्गीय ने ममता सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जिस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉकडाउन किया था, तब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राजनीति करने का आरोप लगाया था। लॉकडाउन की धज्जियां उड़ायी गयी थी। अब वह लॉकडाउन के नाम पर राजनीति कर रही हैं। बंगाल में कोविड का संक्रमण ममता बनर्जी की राजनीति के कारण फैला और कोविड से होने वाली मौत के लिए वही जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि वह 30 फीसद लोगों के हित का सोचती हैं, लेकिन हम 70 फीसद के लोगों की भी बात करेंगे।
मोदी की नेतृत्व में शत- प्रतिशत लोगों की सेवा करेंगे
हम सबका साथ, सबका विकास की बात कहते हैं। 30 फीसद वाली ममता सरकार को हटाना होगा। हम नरेंद्र मोदी की नेतृत्व में शत- प्रतिशत लोगों की सेवा करेंगे। दुर्गा पूजा और मुहर्रम समान रूप से पालन किया जायेगा। मोदी सरकार में मुहर्रम का जुलूस भी निकलेगा, तो माता रानी की पूजा भी होगी। भाजपा की सरकार बनेगी, तो बिजली बिल में 50 फीसद कम किया जायेगा।
बंगाल में परिवर्तन समय की अपेक्षा है : दिलीप घोष
प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि उत्तर प्रदेश, बिहार और त्रिपुरा जैसे राज्यों में परिवर्तन हुआ है। अब पश्चिम बंगाल की बारी है। यहां परिवर्तन अवश्यांभावी है। राज्य के लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। लोगों का सपना पूरा करने के लिए भारत वर्ष कई राज्यों परिवर्तन हुआ है। बंगाल में परिवर्तन केवल समय की अपेक्षा है।