विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कलकत्ता विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में अब भारतीय परिधान, गाउन की जगह धोती-कुर्ता और लालपाड़ साड़ी हुई अनिवार्य

Published: Thu, 26 Nov 2026 04:08 PM (IST)

कलकत्ता विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में अब यूरोपीय गाउन की जगह पारंपरिक भारतीय परिधान अनिवार्य होंगे। छात्र धोती-कुर्ता और छात्राएं लालपाड़ साड़ी पहनेंगी।

गाउन की जगह धोती-कुर्ता और लालपाड़ साड़ी अनिवार्य हुई (एआई इमेज)

गाउन की जगह धोती-कुर्ता और लालपाड़ साड़ी अनिवार्य हुई (एआई इमेज)

HighLights

  1. यूरोपीय गाउन की जगह पारंपरिक भारतीय परिधान होंगे अनिवार्य।

  2. छात्रों के लिए धोती-कुर्ता और छात्राओं के लिए लालपाड़ साड़ी।

  3. सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा और ग्रामीण बुनकरों को समर्थन।

जागरण संवाददाता, कोलकाता। राज्य सरकार की पहल पर अब कलकत्ता विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में वर्षों से चली आ रही यूरोपीय पोशाक की परंपरा समाप्त होने जा रही है। विश्वविद्यालय की सिंडिकेट बैठक में यह ऐतिहासिक निर्णय लिया गया कि अब छात्र-छात्राएं यूरोपीय गाउन, हुड और कैप के स्थान पर पारंपरिक भारतीय परिधान पहनकर समारोह में शामिल होंगे।

क्या होगा नया ड्रेस कोड?

नए नियमों के अनुसार, छात्रों के लिए सफेद कुर्ता (पंजाबी) के साथ धोती या पायजामा और छात्राओं के लिए लाल किनारी वाली सफेद साड़ी (लालपाड़ साड़ी) और लाल ब्लाउज पहनना अनिवार्य किया गया है। इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय की ओर से सभी विद्यार्थियों को एक विशेष उत्तरीय (अंगवस्त्र) प्रदान किया जाएगा, जिस पर कलकत्ता विश्वविद्यालय का आधिकारिक प्रतीक चिह्न अंकित होगा।

इनके कपड़े में नहीं हुआ बदलाव

कुलाधिपति, कुलपति, प्रति-कुलपति, शिक्षकों और अधिकारियों के लिए पहले से निर्धारित रंगों के परिधान में कोई बदलाव नहीं किया गया है। आगामी दीक्षांत समारोह 24 जनवरी को आयोजित करने का प्रस्ताव भेजा जाएगा।

उच्च शिक्षा मंत्री का बयान और यूजीसी के निर्देश

इस बदलाव के संदर्भ में पश्चिम बंगाल के उच्च शिक्षा मंत्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय ने बताया कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने 2015, 2019 और 2024 में कई बार विश्वविद्यालयों को दीक्षांत समारोह में यूरोपीय गाउन की जगह भारतीय हस्तशिल्प और हथकरघा से बने वस्त्र अपनाने की सलाह दी है।

पुरानी विरासत का दिया हवाला

मंत्री ने नबद्वीप, भाटपाड़ा और विक्रमपुर जैसे प्राचीन शिक्षा केंद्रों का उदाहरण देते हुए कहा, "बंगाल की अपनी सांस्कृतिक परंपरा में भी उपाधि प्रदान करते समय उत्तरीय या अंगवस्त्र देने की प्रथा रही है। भारतीय परिधानों के माध्यम से दीक्षांत समारोह को अधिक आत्मीय और स्वदेशी रूप दिया जा सकता है।" उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि देश के लगभग 90-92 केंद्रीय शिक्षण संस्थानों में यह बदलाव पहले ही लागू हो चुका है और इससे ग्रामीण बुनकरों की आजीविका को भी बढ़ावा मिलेगा।

अन्य विश्वविद्यालयों की स्थिति

गौरतलब है कि कल्याणी विश्वविद्यालय पिछले वर्ष ही गाउन की प्रथा बंद कर चुका है। वहीं, जादवपुर विश्वविद्यालय के डीन की बैठक में इस विषय पर चर्चा हुई, जहां यह मत सामने आया कि उनके नियमों में रोब पहनने का प्रावधान है और इसका औपनिवेशिकता से कोई संबंध नहीं है, इसलिए बदलाव से छात्रों में विपरीत प्रतिक्रिया हो सकती है।

YouTube से वीडियो हटाने के मामले में भारत दुनिया में नंबर-1, तीन महीने में 34.4 लाख वीडियो हुए डिलीट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।