पत्नी ने छिपाई 1.75 लाख की सैलरी, कलकत्ता हाई कोर्ट ने रद किया गुजारा भत्ता; लगाया जुर्माना
कलकत्ता हाई कोर्ट ने एक महिला को पति से अधिक कमाई छिपाकर गुजारा भत्ता मांगने पर अलीपुर अदालत का आदेश रद्द कर दिया।
-1795626411892_m.webp)
महिला ने पति से अधिक कमाई छिपाकर गुजारा भत्ता मांगा (कलकत्ता हाई कोर्ट, फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। पति से अधिक कमाई करने के बावजूद खुद को बेरोजगार बताकर गुजारा भत्ता मांगना एक महिला को महंगा पड़ गया। कलकत्ता हाई कोर्ट ने पत्नी को अंतरिम गुजारा भत्ता देने के अलीपुर अदालत के आदेश को रद कर दिया।
साथ ही अपनी वास्तविक आय की जानकारी छिपाकर अदालत को गुमराह करने के लिए महिला पर 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। न्यायमूर्ति चैताली चट्टोपाध्याय दास ने बुधवार को यह फैसला सुनाया।
मामले के अनुसार, दंपती के बीच कई वर्षों से वैवाहिक विवाद चल रहा है। पत्नी ने पांच अप्रैल 2022 को अलीपुर अदालत में पति से गुजारा भत्ता दिलाने की मांग करते हुए याचिका दायर की थी। उसने दावा किया था कि वह कोई कमाई नहीं करती और आर्थिक रूप से पति पर निर्भर है।
इसके आधार पर उसने हर महीने 1.80 लाख रुपये गुजारा भत्ता देने की मांग की थी। वर्ष 2024 में अलीपुर अदालत ने पति को पत्नी को हर महीने 45 हजार रुपये अंतरिम गुजारा भत्ता देने का निर्देश दिया था। पति ने इस आदेश को हाई कोर्ट में चुनौती दी।
अगस्त में पत्नी का वेतन 1.75 लाख रुपये
पति के अधिवक्ता अरिंदम जाना ने हाई कोर्ट में दलील दी कि पत्नी नौकरी करती है, लेकिन उसने अपनी वास्तविक आय की जानकारी छिपाई है। सुनवाई के दौरान सामने आया कि महिला बेंगलुरु की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत है।
अगस्त 2026 में उसका मासिक वेतन करीब 1,75,594 रुपये था, जबकि पति की मासिक आय लगभग 1.15 लाख रुपये है। न्यायमूर्ति ने कहा कि पत्नी की शैक्षणिक योग्यता बीटेक और एमसीए है।
ऐसे में उसके लिए अपने अधिवक्ता की ओर से अदालत में दाखिल हलफनामे में दर्ज तथ्यों से अनजान रहने का दावा करना उचित नहीं है। अदालत ने माना कि महिला ने जानबूझकर अपनी वास्तविक आय छिपाई।
अदालत को गुमराह करने पर जुर्माना
पत्नी की ओर से दलील दी गई कि अधिवक्ता के साथ गलतफहमी के कारण उसकी कमाई के बारे में गलत जानकारी अदालत में चली गई थी। हालांकि, हाई कोर्ट ने इस तर्क को स्वीकार नहीं किया।
न्यायमूर्ति ने टिप्पणी की कि महिला ने खुद को बेरोजगार दिखाकर गुजारा भत्ता हासिल करने की कोशिश की, जो अदालत को गुमराह करने वाला आचरण है।
इसके बाद हाई कोर्ट ने अलीपुर अदालत का अंतरिम गुजारा भत्ता देने संबंधी आदेश रद कर दिया। अब पति को पत्नी को हर महीने 45 हजार रुपये देने की जरूरत नहीं होगी। अदालत ने पत्नी पर 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।