विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: दुष्कर्म-हत्या मामले में कलकत्ता हाई कोर्ट ने बरकरार रखी फांसी की सजा

Published: Tue, 17 Nov 2026 04:59 PM (IST)

कलकत्ता हाई कोर्ट ने हुगली के गुड़ाप में पांच वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के दोषी अशोक सिंह की फांसी की सजा को बरकरार रखा है।

दुष्कर्म-हत्या मामले में कलकत्ता हाई कोर्ट ने बरकरार रखी फांसी की सजा।

दुष्कर्म-हत्या मामले में कलकत्ता हाई कोर्ट ने बरकरार रखी फांसी की सजा।

HighLights

  1. हुगली दुष्कर्म-हत्या मामले में फांसी की सजा बरकरार।

  2. कलकत्ता हाई कोर्ट ने दोषी अशोक सिंह को सजा सुनाई।

  3. पीड़ित परिवार का मुआवजा 10 से 15 लाख हुआ।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। हुगली के गुड़ाप में पांच वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के मामले में कलकत्ता हाई कोर्ट ने मंगलवार को निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखते हुए दोषी अशोक सिंह की फांसी की सजा पर मुहर लगा दी।

न्यायमूर्ति अरिजीत बंद्योपाध्याय और न्यायमूर्ति अपूर्व सिन्हा राय की खंडपीठ ने यह फैसला सुनाया। करीब 22 साल बाद कलकत्ता हाई कोर्ट ने किसी मामले में फांसी की सजा को बरकरार रखा है। इससे पहले 2004 में हेतल पारेख हत्याकांड में धनंजय चटर्जी को फांसी की सजा सुनाई गई थी, जिसे बाद में अमल में लाया गया था।

यह घटना 24 नवंबर 2024 की है। हुगली के गुड़ाप में पांच वर्षीय बच्ची लापता हो गई थी। तलाश के दौरान उसका शव पड़ोस में रहने वाले अशोक सिंह के घर से बरामद हुआ था। पुलिस ने जांच के बाद अशोक को गिरफ्तार किया था। मामले की सुनवाई के दौरान पेश साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर हुगली जिला अदालत ने जनवरी 2025 में उसे दोषी ठहराते हुए फांसी की सजा सुनाई थी।

जिला अदालत के फैसले को चुनौती देते हुए अशोक ने कलकत्ता हाई कोर्ट में अपील की थी और फांसी की सजा माफ करने की मांग की थी। वहीं, राज्य सरकार ने भी निचली अदालत की सजा बरकरार रखने की अपील की थी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद खंडपीठ ने दोषी की अपील खारिज करते हुए फांसी की सजा बरकरार रखी।

पीड़ित परिवार का मुआवजा बढ़ाकर 15 लाख

हालांकि, हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि अगले तीन महीने तक फांसी की सजा पर अमल नहीं किया जा सकेगा। इस अवधि में अशोक सिंह को सुप्रीम कोर्ट में अपील करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा बच्ची के परिवार को दिए जाने वाले मुआवजे की राशि भी 10 लाख से बढ़ाकर 15 लाख रुपये कर दी गई है।

इस फैसले को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि धनंजय चटर्जी को 2004 में फांसी दिए जाने के करीब 22 साल बाद कलकत्ता हाई कोर्ट ने एक अन्य आपराधिक मामले में मौत की सजा बरकरार रखी है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।