विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कौन से जज भाजपा के और कौन तृणमूल के', कलकत्ता हाई कोर्ट ने अभिषेक बनर्जी से मांगी सूची

Published: Thu, 12 Nov 2026 11:30 PM (GMT+05:30)

कलकत्ता हाई कोर्ट ने तृणमूल महासचिव अभिषेक बनर्जी से 'भाजपा और तृणमूल के न्यायाधीशों' की सूची मांगी, जब उन्होंने न्यायपालिका पर राजनीतिक पक्षधरता के आरोप लगाए थे।

कलकत्ता हाई कोर्ट ने अभिषेक बनर्जी से मांगी सूची।

कलकत्ता हाई कोर्ट ने अभिषेक बनर्जी से मांगी सूची।

HighLights

  1. कलकत्ता हाई कोर्ट ने अभिषेक बनर्जी से जजों की सूची मांगी।

  2. न्यायपालिका पर राजनीतिक पक्षधरता के आरोपों पर टिप्पणी।

  3. राज्य सरकार ने अभिषेक के खिलाफ अवमानना कार्रवाई की मांग की।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। न्यायपालिका पर राजनीतिक पक्षधरता के आरोपों को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट ने गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी से न्यायाधीशों की सूची मांगी। न्यायमूर्ति कृष्णा राव ने अभिषेक के वकील से पूछा कि कौन-कौन से न्यायाधीश भाजपा के हैं और कौन तृणमूल कांग्रेस के। उन्होंने टिप्पणी की कि यदि अभिषेक के पास ऐसी जानकारी है तो वे सूची दें, अदालत उसे देखेगी।

यह टिप्पणी अभिषेक की सुरक्षा घटाए जाने के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई के दौरान आई। इसी सुनवाई में राज्य सरकार ने अभिषेक के एक साक्षात्कार में न्यायपालिका पर की गई टिप्पणियों को अदालत की अवमानना बताते हुए उनके खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्रवाई शुरू करने की मांग की।

सुनवाई के दौरान राज्य के अतिरिक्त महाधिवक्ता बिल्वदल भट्टाचार्य ने अभिषेक के एक साक्षात्कार का प्रतिलेख और वीडियो अदालत में पेश किया। आरोप लगाया कि अभिषेक ने न्यायाधीशों पर कटाक्ष किया और एक न्यायाधीश का नाम लेकर न्यायपालिका की छवि पर सवाल उठाए। राज्य की ओर से कहा गया कि राजनीतिक लड़ाई अपनी जगह है, लेकिन उसमें न्यायपालिका को घसीटना उचित नहीं है। इसके आधार पर अभिषेक के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेकर आपराधिक अवमानना की कार्रवाई शुरू करने का आग्रह किया गया।

अभिषेक के वकील ने इसका विरोध करते हुए कहा कि साक्षात्कार की टिप्पणियों का मौजूदा सुरक्षा याचिका से कोई संबंध नहीं है। उनके मुवक्किल ने अपने और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी तथा संबंधित अधिकारियों से बार-बार गुहार लगाई थी। इसी संदर्भ में उनकी प्रतिक्रिया सामने आई।

इस पर अदालत ने कहा कि अभिषेक कोई सामान्य व्यक्ति नहीं, बल्कि शिक्षित और निर्वाचित सांसद हैं। न्यायिक आदेश से असंतुष्ट होने पर उनके पास दूसरी पीठ और सुप्रीम कोर्ट जाने जैसे कानूनी विकल्प भी उपलब्ध हैं।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।