बक्सा टाइगर रिजर्व की बाघिन के गर्भपात के आरोपों पर जांच शुरू, दिल्ली से पहुंची NTCA की टीम
एनटीसीए की टीम बक्सा टाइगर रिजर्व में एक बाघिन के गर्भपात के आरोपों की जांच कर रही है। वन मंत्री ...और पढ़ें

बक्सा की बाघिन के गर्भपात के आरोपों की जांच कर रही एनटीसीए की टीम (फाइल फोटो)
HighLights
एनटीसीए टीम बक्सा बाघिन के गर्भपात आरोपों की जांच कर रही।
वन मंत्री: राज्य सरकार जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही।
बाघिन वाल्मीकि से बक्सा लाई गई, असम से वापस लाई।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल के अलीपुरद्वार जिले के बक्सा टाइगर रिजर्व में लाई गई एक बाघिन के गर्भपात होने के आरोपों की जांच राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) की टीम कर रही है। राज्य के वन मंत्री मनोज कुमार ओरांव ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि बक्सा की बाघिन के तीन भ्रूण मिलने संबंधी दावे की जांच के लिए दिल्ली से एनटीसीए की टीम पहुंची है। राज्य सरकार जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बाघिन के गर्भपात और तीन भ्रूण मिलने के आरोपों पर वन मंत्री ने कहा कि राज्य वन विभाग के पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है। एनटीसीए की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। बक्सा में पशु चिकित्सक लगातार बाघिन की सेहत की निगरानी कर रहे हैं।
मंत्री के अनुसार, करीब तीन वर्ष की इस बाघिन को दो अक्टूबर को बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से बक्सा लाया गया था। इसके बाद वह भटककर असम के निकटवर्ती रायमोना जंगल में चली गई। वहां उसे ट्रैंक्विलाइजर डार्ट से बेहोश कर पकड़ा गया और चार नवंबर को वापस बक्सा टाइगर रिजर्व लाया गया।
दोबारा असम जाने से रोकने के लिए निगरानी
वन मंत्री ने बताया कि बाघिन फिलहाल बक्सा जंगल के कोर क्षेत्र में है। यह इलाका असम के रायमोना जंगल से करीब 30 किलोमीटर और भूटान सीमा से लगभग 10 किलोमीटर दूर है। बाघिन दोबारा असम के जंगल में न चली जाए, इसके लिए इलाके में कई स्थानों पर प्रशिक्षित हाथियों को तैनात किया गया है। इनके जरिए उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से बक्सा तक बाघिन को लाने के दौरान लंबी दूरी तय करने और उसे वापस लाने के लिए बेहोश करने की प्रक्रिया पर भी उठे सवाल पर वन मंत्री ने कहा कि बाघिन को बक्सा लाने के दौरान सभी जरूरी सावधानियां बरती गई थीं। उन्होंने कहा कि यहां पहुंचने के बाद से ही पशु चिकित्सक उसकी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।