बंगाल में बक्सा टाइगर रिजर्व की बाघिन का गर्भपात, तीन शावकों की मौत
बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व में एक गर्भवती बाघिन का गर्भपात हो गया, जिससे उसके गर्भ में पल रहे तीन शावकों की मौत हो गई।

बक्सा टाइगर रिजर्व की गर्भवती बाघिन का हुआ गर्भपात। (फोटो- AI जेनरेटेड)
HighLights
बक्सा टाइगर रिजर्व की गर्भवती बाघिन का हुआ गर्भपात।
गर्भ में पल रहे तीन शावकों की हुई दुखद मौत।
दो बार ट्रैंकुलाइज करना गर्भपात का संभावित कारण।
जागरण संवाददाता, अलीपुरद्वार। बंगाल में अलीपुरद्वार जिले के अधीन बक्सा टाइगर रिजर्व की गर्भवती बाघिन का गर्भपात हो गया है। उसके गर्भ में तीन शावक पल रहे थे, जिनकी मौत हो गई है। इस घटना के बाद वन विभाग में हलचल है।
राज्य के वन मंत्री मनोज कुमार ओरांव ने बाघिन के गर्भपात के संबंध में स्पष्ट जानकारी होने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि टीम दिल्ली से आ रही है। जांच रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। पूरी जानकारी मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वास्तव में क्या हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से बक्सा लाए जाने के समय ही बाघिन गर्भवती थी। इसके बाद लंबी दूरी तय कर बक्सा पहुंची बाघिन एनक्लोजर से निकलकर असम के कोकराझार इलाके में रायमोना नेशनल पार्क के जंगल में पहुंच गई।
उसे वापस बक्सा लाने के लिए वन विभाग को दोबारा ट्रैंकुलाइज करना पड़ा। इससे पहले बिहार में भी ट्रैंकुलाइज किया गया था। इस तरह बाघिन को दो बार ट्रैंकुलाइज करने के कारण ही उसकी स्थिति बिगड़ी और गर्भपात हुआ।