भाइयों ने गला काट कर की बहन की हत्या, रसोईघर से सिर विहीन शव बरामद
पुलिस के अनुसार घर के रसोई घर के पिछले हिस्से में सावित्री का रंक्त-रंजीत सिर विहीन शव पड़ा था। पास में ही सावित्री का सिर भी पड़ा था।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। अलीपुरदुआर जिले के शामुकतला थानांतर्गत उत्तर पानियालगुड़ी इलाके में भाइयों ने बहन की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने रसोईघर के पिछले हिस्से से सिर विहीन युवती का शव बरामद किया।
मृतका का नाम सावित्री सेन (24) है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हत्या के आरोप में मृतका के दो भाइयों को गिरफ्तार किया गया है। उनके नाम संजय सेन और निरंजन सेन हैं।
पुलिस के अनुसार सावित्री और संजय मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं। वे पांच बहनें और दो भाई हैं। सेन परिवार के अलग-अलग इलाके में दो मकान हैं। इनमें एक में चार बहनें और एक भाई निरंजन रहता है। दूसरे मकान में संजय और सावित्री रहती थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सावित्री और संजय के बीच कभी पटती नहीं थी। दोनों अक्सर आपस में झगड़ते रहते थे। पड़ोसियों के अनुसार सोमवार रात दोनों के बीच घर में फिर से झगड़ा शुरू हुआ। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया।
मंगलवार सुबह सावित्री के घर में कोई आहट नहीं मिलने पर संदेह हुआ। पड़ोसियों द्वारा जानकारी लेने पर पता चला कि घर में चारों ओर सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा है। घर के रसोई घर के पिछले हिस्से में सावित्री का रंक्त-रंजीत सिर विहीन शव पड़ा था। पास में ही सावित्री का सिर भी पड़ा था। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मौके से धारदार हथियार बरामद किया, जिससे हत्या की घटना को अंजाम देने की बात कही जा रही है। पुलिस ने इस मामले में संजय और निरंजन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के प्राथमिक अनुमान के अनुसार मानसिक विक्षिप्तता के कारण हत्या हुई है। मामले में दोनों आरोपितो से गहन पूछताछ की जा रही है।