पूर्व मंत्री ब्रात्य बसु की बढ़ीं मुश्किलें, बांग्ला अकादमी में भ्रष्टाचार की जांच शुरू
बंगाल के पूर्व मंत्री ब्रात्य बसु के खिलाफ बांग्ला अकादमी में कथित भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं की जांच शुरू हो गई है। सेवानिवृत्त न्यायाधीश विश्वजीत बसु के नेतृत्व में आयोग की टीम अकादमी के दस्तावेजों की जांच कर रही है।

बांग्ला अकादमी भ्रष्टाचार: पूर्व मंत्री ब्रात्य बसु की मुश्किलें बढ़ीं, जांच शुरू। फाइल फोटो (PTI)
HighLights
ब्रात्य बसु के खिलाफ भ्रष्टाचार जांच बांग्ला अकादमी में शुरू
सेवानिवृत्त न्यायाधीश विश्वजीत बसु आयोग कर रहा जांच
अकादमी के दस्तावेजों, कर्मचारियों से होगी पूछताछ
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के पूर्व मंत्री और ममता तृणमूल के नेता ब्रात्य बसु की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। बांग्ला अकादमी के अध्यक्ष पद पर रहते हुए कथित भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच शुरू हो गई है।
शुक्रवार को सेवानिवृत्त न्यायाधीश विश्वजीत बसु के नेतृत्व में राज्य सरकार की ओर से गठित संस्थागत भ्रष्टाचार निरोधक आयोग की टीम बांग्ला अकादमी पहुंची। आयोग के अधिकारी वहां के दस्तावेजों और विभिन्न अभिलेखों की जांच करेंगे। जरूरत पड़ने पर अकादमी के कर्मचारियों और अधिकारियों से भी पूछताछ की जाएगी।
दरअसल, ब्रात्य बसु के खिलाफ आयोग के पास शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि बांग्ला अकादमी के अध्यक्ष पद पर रहते हुए उन्होंने विभिन्न स्तरों पर अनियमितताएं कीं। अकादमी की ओर से दिए जाने वाले पुरस्कारों के चयन और पुस्तकों के प्रकाशन में भी कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं।
शिकायत के समर्थन में कुछ दस्तावेज भी आयोग के समक्ष जमा किए गए थे। इन दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच के बाद सेवानिवृत्त न्यायाधीश विश्वजीत बसु ने मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए थे। इसी सिलसिले में आयोग की टीम शुक्रवार को अकादमी पहुंची।
महिला उत्पीड़न के आरोपों से भी घिरे
ब्रात्य बसु इससे पहले भी कई आरोपों को लेकर विवादों में रहे हैं। दो महिलाओं ने उन पर फोन के जरिए अशोभनीय प्रस्ताव देने और प्रस्ताव स्वीकार नहीं करने पर तबादले समेत विभिन्न तरीकों से परेशान करने का आरोप लगाया है।
इस मामले में उनके खिलाफ जीरो एफआइआर भी दर्ज हुई है। हालांकि, ब्रात्य बसु ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना था कि उन्होंने शिकायतकर्ता महिला को कभी देखा तक नहीं है।
कटमनी के आरोपों में इंद्रनील सेन का भी नाम
पूर्व मंत्री ब्रात्य बसु और इंद्रनील सेन पर कटमनी लेने के आरोप भी लगे हैं। इंद्रनील सेन पूजा पास से जुड़े मामले में पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। वहीं, ब्रात्य बसु ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित बताया था।
उनका दावा था कि इंद्रनील सेन की गिरफ्तारी के बाद साजिश के तहत उनका नाम भी इस मामले में जोड़ा गया। उन्होंने शिकायतकर्ताओं के आरोपों को झूठा बताते हुए कानूनी कार्रवाई की बात कही थी।
बांग्ला अकादमी में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों पर ब्रात्य बसु ने पहले कहा था कि शिकायत मिली है तो उसकी जांच होनी चाहिए और उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है। अब आयोग की जांच में अकादमी के दस्तावेजों और संबंधित अधिकारियों से पूछताछ के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।