फ्लैट से वृद्धा का जला शव बरामद
फ्लैट से संदिग्ध अवस्था में वृद्धा की जली हुई लाश मिली। मृतका के वृद्ध पति भी गंभीर रूप से झुलसी हालत में मिले।
जासं, कोलकाता : फ्लैट से संदिग्ध अवस्था में वृद्धा की जली हुई लाश मिली। मृतका के वृद्ध पति भी गंभीर रूप से झुलसी हालत में मिले। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। सूत्रों के अनुसार कालीतला रोड स्थित 34, पूर्वाचल के ओम अर्पाटमेंट के फ्लैट में रेणुका राय चौधरी और समीर राय चौधरी नामक वृद्ध दंपती रहते थे। उनका बेटा शुभजीत नौकरी के सिलसिले में पुणे में रहता है। बताया गया कि दंपती के बीच लंबे समय से कलह चल रहा था। इसके चलते पहले फ्लैट में पुलिस भी आई थी। शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे आसपास के लोगों ने वृद्ध दंपती के फ्लैट वे धुंआ निकलते देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ोसियों की मदद से फ्लैट के बाथरूम से जली हालत में वृद्धा का शव बरामद किया। दूसरे कमरे में जली हालत में पड़े वृद्ध को एमआर बांगुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार गत रात दंपती के फ्लैट का दरवाजा बंद नहीं था। ऐसे में वृद्धा ने खुदकशी की है या यह कोई दुर्घटना है, दोनों पहलुओं से इसकी जांच की जा रही है।