Move to Jagran APP

भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या बोले-आज बंगाल का काला दिन, ममता सरकार ने लोकतंत्र की हत्या की

ममता सरकार के विरोध में राज्य सचिवालय नवान्न चलो अभियान के दौरान पुलिस द्वारा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज की घटना को बर्बरतापूर्ण बताते हुए भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने जबरदस्त निशाना साधा! आज बंगाल का सबसे काला दिन है और ममता सरकार ने लोकतंत्र की हत्या कर दी।

By Vijay KumarEdited By: Published: Thu, 08 Oct 2020 06:41 PM (IST)Updated: Thu, 08 Oct 2020 06:41 PM (IST)
भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या बोले-आज बंगाल का काला दिन, ममता सरकार ने लोकतंत्र की हत्या की
भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या की प्रेस कांफ्रेंस

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से गुरुवार को ममता सरकार के विरोध में राज्य सचिवालय नवान्न चलो अभियान के दौरान पुलिस द्वारा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज की घटना को बर्बरतापूर्ण बताते हुए भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने जबरदस्त निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज बंगाल का सबसे काला दिन है और ममता सरकार ने लोकतंत्र की हत्या कर दी। हाल ही में भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए सूर्या ने इस अभियान का नेतृत्व किया।

loksabha election banner

उन्होंने लाठीचार्ज के बाद प्रेस कांफ्रेंस में हुंकार भरते हुए कहा कि ममता सरकार की तानाशाही का यह अंधेरा छंटेगा, नया सूरज निकलेगा और बंगाल में कमल खिल कर रहेगा। उन्होंने कहा, शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर हमला करना लोकतांत्रिक और संवैधानिक कानून की हत्या है। बंगाल की सरकार भ्रष्टतम सरकार है जो लोगों की बेरोजगारी का कारण है।उन्होंने स्वामी विवेकानंद को याद करते हुए कहा, ‘बंगाल की पुण्य धरती तपस्या और जनक्रांति के लिए प्रचलित है। हम स्वामी विवेकानंद की तरह बंगाल के वैभव के लिए अपने जीवन का त्याग करेंगे। उन्होंने ममता बनर्जी के भतीजे सांसद अभिषेक बनर्जी पर भी हमला बोलते हुए कहा कि हम उनकी तरह जन समुदाय के प्रति असंवेदनशील और भ्रष्ट नहीं हैं।

उन्होंने दावा किया कि पुलिस लाठीचार्ज में करीब 1500 कार्यकर्ता व नेता घायल हुए हैं एवं 500 से अधिक कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कई को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमारे राष्ट्रीय सचिव अरविंद मेनन भी अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जो वाटर कैनन उपयोग किया गया, उनमें खास तरह का कैमिकल डाला गया था, जो नीले रंग का था। जिसमें एक कैमरामैन भी चपेट में आ गया। उन्होंने कहा कि यह नीले रंग का कैमिकल क्या था, इसकी जांच कराने की जरूरत है। मैं भाजयुमो की तरफ से राज्य सरकार के खिलाफ जांच की मांग करता हूं और केंद्र को पत्र लिखकर इस नीले कैमिकल की जांच की मांग करूंगा।हालांकि उनके इस आरोप के बाद राज्य के मुख्य सचिव अलापन बंदोपाध्याय ने साफ कहा कि कोई केमिकल का इस्तेमाल नहीं किया गया है।

इधर, तेजस्वी सूर्या ने पुलिस के लाठीचार्ज में घायल हुए भाजपा कार्यकर्ताओं की तस्वीरें भी ट्वीट करते हुए लिखा कि लोकतंत्र और आजादी मुफ्त में नहीं मिलती, इनके लिए किसी न किसी को तो कीमत चुकानी ही पड़ती है। आज भाजपा कार्यकर्ताओं ने जो कीमत चुकाई, बंगाल की आने वाली पीढ़ियां उसे याद करेंगी।तेजस्वी ने दावा किया कि यह आंदोलन तब तक बंद नहीं होगा जब तक बंगाल में भाजपा की सरकार नहीं बन जाती। उन्होंने कहा, ‘बंगाल के युवा अपने आप को अकेला और कमजोर ना समझें। हम उनके साथ खड़े हैं।’


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.