पहले फलता, अब रेजीनगर में भी लहराया 'भगवा'... बंगाल के मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में बढ़ रही भाजपा की पैठ
भाजपा ने मुस्लिम बहुल रेजीनगर और फलता सीटों पर भारी जीत दर्ज कर बंगाल में अपनी बढ़ती पैठ का संकेत ...और पढ़ें

बंगाल के मुस्लिम बहुल इलाकों में भाजपा की बढ़त

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। फलता के बाद बंगाल की एक और मुस्लिम बहुल रेजीनगर विधानसभा सीट पर 75,816 वोटों से भारी जीत दर्ज कर भाजपा ने बंगाल की राजनीति में नए संकेत दिए हैं। लगभग 75 प्रतिशत मुस्लिम आबादी वाले इस क्षेत्र में मिली यह जीत बंगाल के मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में भाजपा की बढ़ती पैठ की ओर इशारा करती है।
एक ओर यह बंगाल के अल्पसंख्यकों के बीच उसकी बढ़ती स्वीकार्यता बताती है। दूसरी तरफ बंगाल में विपक्षी दलों के बिखराव व अल्पसंख्यकों के बीच उनके खोते विश्वास को भी दर्शाती है। फलता सीट पर भाजपा ने एक लाख से अधिक वोटों से रिकार्ड जीत दर्ज की थी।
रेजीनगर की जीत पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि बंगाल के अल्पसंख्यकों को पिछले पांच महीने में अहसास हो गया है कि विरोधी दल भाजपा को लेकर उन्हें डरा रहे थे। रेजीनगर में मुस्लिम मतदाताओं ने भाजपा का खुलकर समर्थन किया। अल्पसंख्यक परिवारों की 35 हजार महिलाओं ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया।
हालांकि सियासी विश्लेषकों के एक वर्ग का कहना है कि एक-दो चुनावों के नतीजे के आधार पर यह कहना जल्दबाजी होगी।
हुमायूं ने दुबई में बसने की जताई इच्छा
रेजीनगर में अपने बेटे की हार के बाद आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर ने दुबई में बसने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा कि वह 2029 तक भारत में रहेंगे। इसके बाद 10 साल का वीजा लेकर दुबई चले जाएंगे और वहीं बस जाएंगे।
आयोग ने अभिषेक के धांधली के आरोप को नकारा
रेजीनगर की मतगणना में गड़बड़ी के ममता तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के आरोप को चुनाव आयोग ने सिरे से खारिज कर दिया है। एक समाचार माध्यम में बूथ संख्या 109 में मतदाताओं की कुल संख्या 772 बताई गई थी, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 909 वोट मिलने का दावा किया गया था।
अभिषेक ने इस आंकड़े को अपने एक्स हैंडल पर साझा कर गड़बड़ी का आरोप लगाया था। मुर्शिदाबाद के जिला निर्वाचन अधिकारी ने इसपर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि संबंधित बूथ पर कुल 972 मतदाता थे और भाजपा प्रत्याशी को 909 वोट मिले थे।
