कोलकाता नगर निगम चुनाव पर रोक का असर, 209 वार्डों में समन्वयकों की नियुक्ति पर भाजपा में आंतरिक चुनौती
कोलकाता नगर निगम चुनाव पर अदालती रोक के बीच 209 वार्डों में समन्वयकों की नियुक्ति को लेकर भाजपा में असमंजस ...और पढ़ें

बंगाल में सरकार और संगठन के तालमेल की परीक्षा (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । कोलकाता नगर निगम के चुनाव पर अदालती रोक के बीच 209 प्रस्तावित वार्डों में समन्वयकों की नियुक्ति को लेकर भाजपा के सामने नई संगठनात्मक चुनौती खड़ी हो गई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि 30 नवंबर के बाद भी चुनाव का रास्ता साफ नहीं हुआ तो सभी वार्डों में समन्वयक नियुक्त किए जाएंगे।
हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य के हालिया बयान से स्पष्ट है कि इस व्यवस्था को लेकर संगठन में अभी अंतिम सहमति नहीं बनी है। ऐसे में सरकार की घोषणा को जमीन पर उतारने के साथ स्थानीय नेताओं के बीच तालमेल बनाना भी पार्टी के लिए बड़ी चुनौती होगी।
दरअसल, कोलकाता नगर निगम के वार्डों की संख्या 144 से बढ़ाकर 209 करने के प्रस्ताव के बीच परिसीमन को लेकर कानूनी विवाद चल रहा है।
पूर्व माकपा पार्षद दीपु दास की याचिका पर छह नवंबर को कलकत्ता हाई कोर्ट की खंडपीठ ने मामले का निपटारा होने तक चुनाव की अधिसूचना जारी करने पर रोक लगा दी थी। इसी के बाद मुख्यमंत्री ने वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर वार्डों में समन्वयक नियुक्त करने की बात कही थी।
प्रदेश अध्यक्ष के बयान से संगठन की स्थिति स्पष्ट
शमिक भट्टाचार्य ने कहा है कि समन्वयकों की नियुक्ति पर पार्टी में अभी पूरी तरह निर्णय नहीं हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री की घोषणा को प्रशासनिक प्रमुख के तौर पर उनकी स्थिति बताते हुए कहा कि पार्टी फिलहाल ऐसी नियुक्ति नहीं चाहती, लेकिन परिस्थितियों के अनुसार इस पर विचार किया जा सकता है।
दूसरी ओर, उन्होंने स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं को समन्वयक बनाने के प्रस्ताव का समर्थन भी किया था। इन बयानों से संकेत मिलता है कि भाजपा के सामने नियुक्ति के सिद्धांत से अधिक चयन और जिम्मेदारियों के निर्धारण की चुनौती है।
निगम चुनाव की तैयारी के दौरान विभिन्न वार्डों में कई स्थानीय नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश की है। ऐसे में समन्वयक चुनते समय संगठनात्मक वरिष्ठता, स्थानीय जनाधार और संभावित उम्मीदवारों के बीच संतुलन बनाना आसान नहीं होगा। जिन्हें जिम्मेदारी मिलेगी, उनका राजनीतिक प्रभाव बढ़ सकता है, जबकि दूसरे दावेदारों में असंतोष पैदा होने की आशंका रहेगी।
नागरिक सेवाओं की जवाबदेही होगी असली कसौटी
समन्वयकों की नियुक्ति का सबसे महत्वपूर्ण पहलू उनकी भूमिका और अधिकार होंगे। निर्वाचित पार्षद अपने वार्ड में सड़क, सफाई, पेयजल और जल निकासी जैसी समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों तक पहुंचाने के साथ उनके समाधान के लिए जवाबदेही भी तय कराते हैं।
ऐसे में सवाल है कि प्रस्तावित समन्वयकों को भी अधिकारियों से जवाब मांगने का अधिकार मिलेगा या वे केवल शिकायतें पहुंचाने तक सीमित रहेंगे। उनके कामकाज की निगरानी कैसे होगी और नागरिकों की शिकायतों का निपटारा किस व्यवस्था के तहत होगा, यह भी स्पष्ट करना होगा।
कोलकाता में इसका ऐतिहासिक उदाहरण मौजूद है। सिद्धार्थ शंकर राय के मुख्यमंत्रित्व काल में आइएएस अधिकारी शिवप्रसाद समाद्दार को नगर निगम का प्रशासक बनाया गया था। उस दौरान वार्ड स्तर पर मनोनीत समन्वयकों के माध्यम से भी कामकाज चलाया गया था।
कोविड काल में भी निर्वाचित प्रतिनिधियों को उनके वार्डों की जिम्मेदारी देकर नागरिक सेवाएं जारी रखने का प्रयास हुआ था। हालांकि, मौजूदा प्रस्ताव इन दोनों व्यवस्थाओं से अलग है। इस बार समन्वयकों के चयन में भाजपा संगठन की भूमिका अहम होगी।
ऐसे में सरकार को प्रशासनिक व्यवस्था और पार्टी को संगठनात्मक संतुलन साधना होगा। अंततः इस प्रयोग की सफलता इस बात से तय होगी कि निर्वाचित पार्षदों के अभाव में आम नागरिकों को अपनी रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान के लिए कितनी प्रभावी व्यवस्था मिलती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।